स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ परफार्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स की अनुशासन कमेटी ने एक छात्र नेता समेत तीन के खिलाफ सख्त एक्शन लिया है। आरोप है कि तीनों छात्र यूनिवर्सिटी प्रशासन की अनुमति के बिना रात के समय कैंपस में मिले थे। फिलहाल तीनों छात्रों के कैंपस में प्रवेश पर रोक लगा दी गई है।
डीन डीएस कपूर ने बताया कि कई बार शिकायत मिल चुकी थी कि रात के समय कुछ छात्र बिना परमिशन के यूनिवर्सिटी कैंपस में आते हैं। इस पर गत सप्ताह यूनिवर्सिटी की अनुशासन कमेटी ने चेकिंग की थी, जिसमें तीन छात्र कैंपस में पाए गए थे। तीनों छात्रों से रात के समय कैंपस में आने की परमिशन के बारे में पूछा गया, लेकिन उनके पास कोई परमिशन नहीं मिली। अनुशासन कमेटी ने वीसी को इस बारे में अवगत करवाया। वीसी से परमिशन मिलने के बाद अनुशासन कमेटी ने तीनों के खिलाफ सख्त एक्शन लेते हुए कैंपस में उनके प्रवेश पर रोक लगा दी है। डीन डीएस कपूर ने बताया कि इनमें डायरेक्शन के छात्र बिल्लू, अमित और सिनेमटोग्राफी का छात्र सचिन शामिल है। इसमें बिल्लू यूनिवर्सिटी में छात्र नेता भी है, हालांकि इन सभी के कोर्स पूरे हो चुके हैं, लेकिन अगले आदेशों तक यह कार्रवाई जारी रहेगी। गौरतलब है कि कैंपस में रात के समय एंट्री को लेकर पहले भी कई बार विवाद हो चुके हैं।