पुलिस ने मनचलों को गंजा कर बाजार में घुमाया
- फोटो : संवाद
रोहतक में छोटूराम स्टेडियम में रोजाना अभ्यास करने आने वाली लड़कियों का पीछा करने व फब्तियां कसने के तीन मनचले लड़कों की सिटी पुलिस ने शनिवार को जमकर क्लास लगाई। पहले तो उनके सिर के आधे बाल कटवाए गए, फिर पुराने बस स्टैंड व पुरानी सब्जी मंडी के आसपास बाजार में घुमाया। बाद में उनको चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।
भिवानी रोड से छोटूराम स्टेडियम तक करते थे पीछा
सिटी थाना प्रभारी रमेश कुमार ने बताया कि गांव की लड़कियां रोजाना सुबह-शाम अभ्यास करने सोनीपत रोड स्थित स्टेडियम में ऑटो रिक्शा में सवार होकर आती हैं। भिवानी रोड स्थित नहर के पास रोजाना बाइक सवार तीन युवक पहले वहां नहाने के बहाने खड़े हो जाते थे। फिर जब लड़कियां यहां से गुजरती तो उन पर फब्तियां कसते व पीछा भी करते थे।
मनचले युवकों को चेतावनी देकर छोड़ा
आरोपी लड़कों की इस करतूत से परेशान होकर लड़कियों ने पहले तो अपने स्तर पर समझाने का प्रयास किया। जब आरोपी बाज नहीं आए तो पुलिस को शिकायत दे दी। इस पर पुलिस ने दो दिन नजर रखने के बाद शनिवार सुबह आरोपियों को पकड़ लिया। थाने में लाकर तीनों युवकों के पीछे से सिर के बाल कटवाए। इसके बाद बाजार में घुमाया। बाद में आरोपी युवकों के मिन्नत करने पर उन्हें चेतावनी देकर छोड़ दिया।