चंडीगढ़ में खापों का धरना शुरू होने के बाद नांदल भवन में बुलाई आपात बैठक
- फोटो : amar ujala
जाट आरक्षण के मामले को लेकर एक बार फिर से खाप और सरकार आमने-सामने आ गई हैं। मंगलवार को हाईकोर्ट में जाट आरक्षण का नोटिफिकेशन पेश नहीं किए जाने पर चंडीगढ़ में खापों ने सीएम आवास पर धरना शुरू कर दिया। मामले का पता चलते ही नांदल भवन में भी खापों की आपात बैठक बुलाकर सरकार को बुधवार शाम तक का अल्टीमेटम दे दिया गया। दहिया खाप प्रधान सुरेंद्र दहिया ने बताया कि सरकार ने बुधवार 11 बजे तक नोटिफिकेशन देने का आश्वासन दिया है। सरकार के इशारे पर धरने पर बैठे लोगों को देर रात पुलिस-प्रशासन ने जबरन उठाकर किसी अज्ञात स्थान पर नजरबंद कर दिया। सभी के फोन बंद करा दिए गए।
नांदल खाप के प्रधान महेंद्र सिंह नांदल की अध्यक्षता में हुई बैठक में खाप प्रतिनिधियों ने सरकार के खिलाफ विरोध जताया। कहा कि सरकार ने पहले वादा किया था कि कोर्ट में जाट आरक्षण का नोटिफिकेशन पेश कर दिया जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। इसके विरोध में चंडीगढ़ में खापों के अन्य प्रतिनिधियों ने धरना शुरू कर दिया है। सरकार की वादाखिलाफी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बैठक में हुए निर्णय के बाद प्रधान महेंद्र सिंह नांदल ने बताया कि सरकार को एक दिन यानी बुधवार शाम तक का समय दिया गया है। बुधवार शाम तक सरकार जाट आरक्षण का नोटिफिकेशन पेश करे, नहीं तो बृहस्पतिवार से प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा। जब तक नोटिफिकेशन नहीं मिलेगा, तब तक धरना जारी रहेगा। इस मौके पर सरोहा खाप प्रधान रणधीर सिंह, प्रधान केदार सिंह कादियान, प्रधान तस्वीर राठी, रामकरण हुड्डा, इंद्रसिंह हुड्डा और कपूर सिंह राठी मौजूद रहे।