रोहतक में कांग्रेस कार्यकर्ता हिमानी नरवाल हत्याकांड के मुख्य आरोपी सचिन उर्फ ढिल्लू के डीएनए टेस्ट के लिए जेल से सैंपल लिए गए हैं। पुलिस जल्द ही इन सैंपलों को जांच के लिए लैब भेजेगी। पुलिस का कहना है कि डीएनए जांच से आरोपी के खिलाफ पुख्ता सबूत मिलेगा, जिससे सजा दिलाने में मदद मिलेगी।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार, सचिन ने पूछताछ में कबूल किया था कि रुपये के लेनदेन के विवाद में उसने मोबाइल चार्जर की केबल से हिमानी का गला घोंटकर हत्या की थी। पुलिस ने आरोपी से हिमानी के जेवर, लैपटॉप, टैब और अन्य सामान बरामद किए थे। इसके बावजूद, पुलिस कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती और सजा को पक्का करने के लिए डीएनए सैंपल लेने का फैसला किया।
जांच में पता चला कि हत्या के दौरान हिमानी ने आत्मरक्षा में सचिन का विरोध किया था, जिसके कारण उसके नाखूनों में सचिन की त्वचा के कुछ अंश खुरच गए थे। पुलिस ने हिमानी के नाखूनों से टिश्यू बरामद किए थे, जिनका मिलान अब सचिन के डीएनए सैंपल से किया जाएगा।