एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में रोहतक के नाम एक बड़ा रिकॉर्ड दर्ज हुआ है। पहली बार रोहतक से तीन खिलाड़ियों ने दावेदारी ठोकी थी। तीनों ही खिलाड़ियों ने पदक पक्का कर लिया है। इससे पहले रोहतक से कभी भी तीन खिलाड़ियों ने भाग नहीं लिया था। यह पहला ही मौका है कि तीन खिलाड़ियों ने भाग लिया और तीनों ने देश का नाम रोशन किया और पदक पक्का कर लिया। गांव रूड़की निवासी बॉक्सर मोनिका, गांव रिटौली निवासी संजीत सिंगरोहा और गांव मायना निवासी अमित पंघाल ने अपने प्रतिद्वंद्वियों को हराते हुए देश के लिए पदक पक्का कर लिया है। यह प्रतियोगिता दुबई में चल रही है।
हरियाणा बॉक्सिंग संघ के प्रवक्ता राजनारायण पंघाल ने बताया कि गांव रिटौली के अंतरराष्ट्रीय बॉक्सर संजीत सिंगरोहा ने दुबई में चल रही एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में मंगलवार देर रात हुए क्वार्टर फाइनल में 5-0 से एकतरफा जीत हासिल कर भारत के लिए पदक पक्का किया। बुधवार शाम को अंतरराष्ट्रीय बॉक्सर अमित पंघाल ने 3-2 से जीत हासिल की है। उन्होंने बताया कि यह रोहतक के लिए पहला मौका है जब तीन खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और तीनों ने ही पदक पक्का किया है। अमित पंघाल ने 52 किलोग्राम में, संजीत ने 91 व मोनिका ने 48 किलोग्राम भार वर्ग में पदक पक्का किया है।
तीनों गांवों में खुशी का माहौल
तीनों अंतरराष्ट्रीय बॉक्सिंग खिलाड़ियों द्वारा देश के लिए पदक पक्का करने से तीनों के गांव रिटौली, रूड़की व मायना में खुशी का माहौल है। इन तीनों गांवों के साथ-साथ जिला, प्रदेश व देश का सिर गर्व से ऊंचा हो गया है। तीनों के कोच उनके मैदान में पहुंचने से पहले तक लगातार वीडियो कॉल के जरिये विभिन्न टिप्स देते रहे। इसके परिणाम स्वरूप भारत की झोली में पदक आने पक्के हुए है।