खेलों को प्रोत्साहन देने के लिए हरियाणा को देश का स्पोर्ट्स हब बनाया जाएगा। इसके लिए हर जिले में उत्कृष्ट सुविधाओं से लैस खेल केंद्र बनाए जाएंगे। गांवों में योग और व्यायामशालाएं खोली जाएंगी। देश को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी मिलें, इसके लिए प्रदेश को खेल का पावर हाउस बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। उक्त बातें मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने शुक्रवार को एमडीयू के टैगोर सभागार में विजयी भव आशीष एवं हरियाणा स्वर्ण जयंती व्याख्यानमाला कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि कही। सीएम ने कहा कि खेल पर उपयुक्त शोध के लिए हरियाणा स्पोर्ट्स डेवलपमेंट बोर्ड बनाया गया है।
महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) के सभागार में मुख्यमंत्री ने रियो ओलंपिक एंड वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स में भाग लेने वाले एमडीयू के खिलाड़ियों को सम्मानित किया। हालांकि, प्रेक्टिस में व्यस्त होने के चलते रियो ओलंपिक जाने वाले 13 में से केवल दो खिलाड़ी, एथलीट धर्मवीर सिंह और निर्मला ही कार्यक्रम में पहुंचे। सीएम ने कहा कि रियो ओलंपिक के प्रतिभागी खिलाड़ी को जाने से पहले 15-15 लाख रुपये बतौर प्रोत्साहन दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि नई खेल नीति के चलते राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हरियाणा के खिलाड़ियों का दबदबा बना है। जो ईनाम राशि ओलंपिक या एशियन गेम्स के विजेता खिलाड़ियों को हरियाणा में दी जाती है, वह शायद ही कहीं और दी जाती है।
इस दौरान खट्टर ने विवि के कुलपति प्रो पूनिया के साथ प्राध्यापकों व विद्यार्थियों को एनआरआईएफ में भारत में विश्वविद्यालयों की रैंकिंग में 44वां रैंक प्राप्त करने पर बधाई दी। खट्टर ने मनोविज्ञान विभाग की प्रोफेसर और फैकल्टी ऑफ सोशल साइंस की डीन प्रो. प्रोमिला बत्तरा की पुस्तक द डॉटर डिफीसीट का लोकार्पण भी किया। साथ ही, विधायक मनीष ग्रोवर और कुलपति प्रो. बिजेंद्र पूनिया को उनके जन्मदिवस पर गुलदस्ता और कलम भेंट कर बधाई दी। मंच संचालन एवं आभार प्रदर्शन युवा कल्याण के निदेशक डॉ. जगबीर राठी ने किया।
पदक लाओ, ईनाम पाओ
सीएम ने बताया कि रियो ओलंपिक खेल में स्वर्ण पदक जीतने पर प्रदेश के खिलाड़ियों को 6 करोड़ रुपये देकर सम्मानित किया जाएगा। जबकि रजत पदक विजेता को 4 करोड़ और कांस्य पदक विजेता को 2.5 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। एशियन गेम्स के स्वर्ण पदक विजेता को 3 करोड़, रजत पदक जीतने वाले को डेढ़ करोड़, कांस्य पदक विजेता खिलाड़ी को 75 लाख और प्रतिभागी को साढ़े सात लाख रुपये दिए जाएंगे।
ये रहे मौजूद
स्वर्ण जयंती समारोह में आयुक्त चंद्रप्रकाश, आईजी संजय कुमार, उपायुक्त अतुल कुमार, पुलिस अधीक्षक राजेश आर्य, अतिरिक्त उपायुक्त प्रदीप कुमार, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त अजय चोपड़ा, भाजपा के जिला अध्यक्ष अजय बंसल, रमेश भाटिया, भाजपा महिला प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सुमन, एचएसएससी की सदस्य राजबाला चहल, शमशेर खरक, विवि की डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. सुनीता मल्होत्रा, डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. राजबीर सिंह, रजिस्ट्रार जितेंद्र भारद्वाज, खेल निदेशक डॉ. डीएस ढुल, एनएसएस और यूथ रेडक्रॉस के वालंटियर्स मौजूद रहे।
--
वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स के 21 खिलाड़ी सम्मानित
वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स के 21 खिलाड़ी सम्मानित हुए, जिसमें बैडमिंटन के सुरेंद्र राठी, रोहन कुमार और अमन कुमार शामिल हैं। अमेरिकन फुटबाल के रणदीप, प्रशांत, अजय व नरेंद्र को पुरस्कृत किया गया। साथ ही, राइफल शूटिंग के आकृति छाबड़ा और ताईक्वांडो के अजय को सम्मानित किया गया। कुश्ती में प्रवीण, मनजीत, सीमा, रीना, निशा, मंजू, मनीषा, कविता, पूजा, रंजीत, दिनेश, सोनू व अजय को सीएम ने पुरस्कृत किया।
--
स्पैक्ट्रम कला प्रदर्शनी पुस्तिका का लोकार्पण
प्रदेश की स्वर्ण जयंती के उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री ने राजकीय महिला महाविद्यालय की ओर से स्पैक्ट्रम कला प्रदर्शनी पुस्तिका का लोकार्पण किया। कॉलेज के प्राचार्या डॉ. लक्ष्मी बेनीवाल ने बताया कि इसमें हरियाणा के अलावा पंजाब, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान, महाराष्ट्र और हिमाचल प्रदेश के वरिष्ठ कलाकारों की उच्च कोटी की कलाकृतियां प्रदर्शित की गई हैं।
एक घंटा देरी से पहुंचे सीएम
कार्यक्रम में सीएम के पहुंचने का समय दोपहर 4 बजे था, लेकिन वे एक घंटा देरी से पहुंचे। इस बीच एमडीयू कैंपस स्कूल के विद्यार्थियों का गायक डॉ. जगबीर राठी के गीतों से मनोरंजन किया गया। शाम 4:57 बजे सीएम व जस्टिस प्रमोद कोहली के पहुंचते ही दर्शकों और बच्चों ने तालियां बजाकर उनका स्वागत किया। इस दौरान विवि का कुलगीत भी गाया गया।
15 अगस्त से पहले बच्चों को दिखाई जाएगी सुल्तान
15 अगस्त यानी आजादी के जश्न की पूर्व संध्या पर एमडीयू कैंपस स्कूल के बच्चों को सुल्तान फिल्म दिखाई जाएगी। यह फिल्म टैगोर सभागार में दिखाई जाएगी।
23 से 29 जुलाई तक नेशनल थिएटर
एमडीयू के राधाकृष्णन सभागार में सात दिवसीय नेशनल थिएटर शो चलेगा। यह शो 23 से 29 जुलाई तक होगा, जिसमें एनएसडी के कलाकार नाटक प्रस्तुत करेंगे।