रोहतक। अगर आपको शेयर मार्केट, कारोबार में निवेश कर या टास्क पूरा कर मोटी रकम कमाने के लिए फोन आ रहे हैं तो आप तुरंत सावधान हो जाएं। क्योंकि कुछ इसी तरह के लालच देकर साइबर अपराधियों ने जिले से 11 माह में ही 30 करोड़ रुपये की ठगी को अंजाम दिया है।
18 करोड़ रुपये तो कैप्चा भरवाने के नाम पर ठगे गए हैं। 64 लोगों से करीब 10.5 करोड़ रुपये की ठगी को अलग-अलग तरीकों से अंजाम दिया है। इसके अलावा जिले के 200 से अधिक लोगों से करीब सवा दो करोड़ रुपये की राशि ठगी गई है। हालांकि पुलिस ने कई घटनाओं का खुलासा कर कुछ ठगों को गिरफ्तार भी किया है।
साइबर ठगों के लिए रोहतक बना सेफ जोन
साइबर अपराधियों ने ठगी करने के लिए रोहतक को सबसे अच्छा स्थान माना है। यहां पर ठग लोगों को घर बैठे मोटी कमाई कराने, कारोबार शुरू करने, शेयर मार्केट में निवेश करने, बीमा राशि दिलाने के नाम पर तो कभी टास्क पूरा कराने, पेट्रोल पंप दिलवाने और कैप्चा भरवाने के नाम पर 30 करोड़ रुपये की मोटी रकम ठग चुके हैं। यह रकम 35200 लोगों से ठगी की गई है। पुलिस के आंकड़ाें पर नजर डाले तो ठगी की 30 करोड़ रुपये से अधिक की राशि को साइबर ठगों ने मात्र 11 माह में ही अंजाम दिया है। पुलिस ने 50 से अधिक साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है, लेकिन ठगों से बरामद की गई राशि बेहद कम है।
35 हजार लोगों से की 18 करोड़ की ठगी
कैप्चा भरवाकर लोगों से पांच-पांच हजार रुपये की आईडी के नाम पर ठगी करने वाली कंपनी ने अकेले 35 हजार लोगों से करीब 18 करोड़ रुपये की ठगी की है। इस ठगी का खुलासा पंचकूला साइबर एसपी की टीम ने किया है। 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है।
64 लोगों से की 10.5 करोड़ की ठगी
साइबर थाने में 1 जनवरी से 30 नवंबर तक 64 मुकदमे दर्ज किए गए हैं। 64 लोगों से साइबर अपराधियों ने करीब 10.5 करोड़ रुपये की ठगी को अंजाम दिया है।
साइबर की ठगी को रोकने के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है। काफी घटनाओं का खुलासा करते हुए पुलिस ने 50 से अधिक लोगों को गिरफ्तार कर रकम बरामद कराई है, जिसे वापस भी दिलाया जा रहा है।
वाईवीआर शशी शेखर, साइबर एएसपी रोहतक।