रोहतक। कलानौर खंड के गांव आंवल स्थित पेट्रोल पंप पर बाइक सवार दो युवक सेल्समैन को पिस्तौल दिखाकर 2200 रुपये लूटकर ले गए। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इस संबंध में कलानौर थाने में केस दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक आंवल गांव निवासी मदनलाल ने दी शिकायत में बताया कि वह गांव में स्थित पेट्रोल पंप पर सेल्समैन के तौर पर कार्यरत है। सोमवार शाम करीब पौने पांच बजे बाइक पर सवार होकर दो युवक आए। एक युवक बाइक पर बैठा रहा, जबकि दूसरा नीचे उतर गया। युवक ने 50 रुपये का पेट्रोल डालने के लिए कहा। सेल्समैन ने पेट्रोल डाल दिया। युवक ने जेब से पैसे निकालने की जगह पिस्तौल निकालकर सेल्समैन पर तान दी। बोला, तेरी जेब में जो है, उसे निकाल कर मुझे दे दो। सेल्समैन भागने लगा। तभी युवक ने कहा कि गोली मार दूंगा। इतना कहते ही सेल्समैन ने जेब से 2200 रुपये निकाल कर जमीन पर फेंक दिए और वहां से भाग गया। इसके बाद युवक पैसे उठाकर फरार हो गए। पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। कलानौर पुलिस ने लूट का मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।