रोहतक/कलानौर/महम/सांपला। बारिश का इंतजार कर रहे जिलावासियों काे सोमवार दोपहर को कुछ राहत मिली। जिले में 25 एमएम बारिश ने गर्मी व उमस से राहत दिलाने का काम किया। 5 उपमंडलों में बारिश हुई। इसमें सबसे ज्यादा कलानौर में 39 एमएम व सबसे कम लाखनमाजरा में एक एमएम बारिश हुई। रोहतक शहर व कलानौर में बारिश के बाद जगह-जगह जलभराव की स्थिति बन गई। इस कारण लोगों को आवागमन में काफी परेशानी हुई।
सोमवार को सावन के पहले दिन राहत मिली। दोपहर करीब 1:30 तेज हवा के साथ बारिश हुई। मुश्किल से 10 मिनट की बारिश से ही शहर के ज्यादातर हिस्सों में सड़कें जलमग्न हो गई। गलियां भी नदी की तरह लबालब नजर आई। जलमग्न सड़कों से वाहनों का गुजरना परेशानी भरा साबित हुआ। पानी के कारण किसी की स्कूटी तो किसी की बाइक बंद हो गई। इस कारण लोगों धक्के मार कर अपने वाहन ले जाने पड़े।
26 एमएम बारिश ने खोली सफाई व्यवस्था की पोल
शहर में 26 एमएम बारिश ने सफाई व्यवस्था की पूरी पोल खोलकर रख दी है। शहर का ज्यादातर इलाका पानी से सराबोर नजर आया। निकासी को लेकर संबंधित विभागों के दावे आज खोखले साबित हुए हैं। एक ही बारिश में सफाई व्यवस्था की हकीकत सामने आ गई।
धान की फसल को मिलेगा लाभ
सावन की पहली बारिश से किसानों को काफी रति मिली। बारिश धान की फसल को नया जीवन देने वाली साबित होगी। गर्मी में बारिश न होने से खेतों में नमी की मात्रा कम हो गई थी। इससे किसानों के लिए धान की रोपाई परेशानी भरी साबित हो रही थी। बारिश ने धान के साथ किसानों को भी राहत दी है।
इन इलाकों में सबसे ज्यादा जलभराव
शहर का पॉश इलाका डीएलएफ कॉलोनी की सड़कें बारिश से जलमग्न हो गई। इसके अलावा सुभाष चौक, गांधी कैंप, सेक्टर इलाका, किला रोड इलाके में जलभराव से लोग परेशान रहे। आकाशवाणी कार्यालय के पास करीब सवा फीट पानी जमा हो गया। इसमें कई वाहन बंद पड़ गए। वहीं, गोहाना रोड, सुखपुरा चौक, छोटू राम चौक, महावीर पार्क, एमडीयू के बाहर, कृषि विभाग के बाहर, मानसरोवर पार्क, तिलक नगर, मॉडल टाउन से शीला बाईपास जाने वाली गली पूरी तरह से बरसाती पानी से लबालब रही।
अभी 24 तक बारिश के आसार
मानसूनी बारिश की शुरुआत हो चुकी है। मौसम विभाग के अनुसार 24 जुलाई तक हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इससे लोगों और किसानों को लाभ मिलेगा।
खंडवार बारिश का ब्योरा
- रोहतक 26
- कलानौर 39
- महम 16
- सांपला 09
- लाखनमाजरा 01