रोहतक। लाखनमाजरा खंड के गांव गोगाहेड़ी में 45 वर्षीय शीशपाल की छह गोलियां मारकर की गई हत्या मामले में परिजन सभी आरोपियों की गिरफ्तारी पर अड़ गए हैं। हत्या के इस मामले में ग्रामीणों ने मंगलवार सुबह 10 बजे लाखनमाजरा रोड जाम कर दिया। इस मामले में कार्रवाई के लिए बनी 11 सदस्यीय कमेटी ने पुलिस प्रशासन को सुबह नौ बजे तक आरोपियों को गिरफ्तार करने का अल्टीमेटम दिया। इसके बाद शाम छह बजकर 10 मिनट पर जाम खोला। इधर, महम विधायक बलराज कुंडू को जाम का पता लगा तो वह भी लोगों के बीच पहुंचे। यहां उनके दुख में शामिल होते हुए उन्हें न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।
मंगलवार सुबह करीब दस बजे गोगाहेड़ी के लोग बैंसी बस स्टैंड महम से लाखनमाजरा रोड पर पहुंचे। यहां रोष स्वरूप नारेबाजी करते हुए जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारियों ने शीशपाल की हत्या के मामले में पुलिस कार्रवाई पर असंतुष्टि जाहिर की। उनका कहना था कि पुलिस हत्या के मामले में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार करे। गिरफ्तारी नहीं होने तक विरोध जारी रहेगा। जाम की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों को काफी समझाया, लेकिन प्रदर्शनकारी नहीं माने। डीएसपी महम संदीप कुमार व नायब तहसीलदार मुकुल मामले की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाया। काफी प्रयास के बावजूद बात नहीं बनी। बाद में वाल्मीकि समाज की 11 सदस्यीय कमेटी गठित की गई। इस कमेटी में बैठक कर सुबह नौ बजे तक पुलिस प्रशासन को सभी आरोपियों की गिरफ्तार का अल्टीमेटम देते हुए शाम करीब छह बजकर दस मिनट जाम खोल दिया। इसके बाद सभी अपने घर चले गए। यही नहीं, गिरफ्तारी नहीं होने पर हाइवे 152-डी जाम करने की भी चेतावनी दी है। विधायक बलराज कुंडू ने लोगों के बीच हाथ जोड़कर अपना निवेदन रखा। साथ ही लोगों को समझाकर जाम खुलवाने में सहयोग दिया।
पीजीआईएमएस से परिजनों ने नहीं लिया शव
गोगाहेड़ी निवासी शीशपाल का शव पीजीआईएमएस के शवगृह में रखा है। परिजनों ने इसे लेने से इनकार कर दिया है। हत्या करने वाले सभी आरोपियों के गिरफ्तार होने पर ही शव लिया जाएगा। परिजनों का कहना है कि हत्या करने में कई लोग शामिल हैं। उन्होंने सभी आरोपियों के वारदात में शामिल होने का दावा किया है। इसलिए उनकी गिरफ्तारी के बगैर शव लेने से इनकार किया है। ऐसे में अब बुधवार को ही मृतक के शव का अंतिम संस्कार होने की उम्मीद है।
यह है मामला
गोगाहेड़ी निवासी शीशपाल को एक अक्तूबर को 6 गोलियां मारी गई थीं। उसे गंभीर हालत में पीजीआईएमएस के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। यहां करीब छह घंटे की जद्दोजहद के बाद उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इससे आहत परिजनों ने मंगलवार सुबह सड़क पर जाम लगाकर विरोध जताया। परिजनों ने सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी व परिवार को सुरक्षा मुहैया कराने की मांग उठाई है।
पुलिस इस मामले में कार्रवाई कर रही है। शीशपाल को गोली मारने वालों की तलाश जारी है। जल्दी ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। परिजनों ने शव लेने से इन्कार किया है। इसके चलते शव पीजीआईएमएस के शवगृह में रखवाया गया है।
सुरेश कुमार, प्रभारी, लाखनमाजरा थाना।