नरवाना(जींद)। शहर की राइस मिलों में शनिवार कोजोनल एडमिनिस्ट्रेटर सुरेंद्र बेनीवाल ने औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अपनी टीम और नरवाना मार्केट कमेटी की सचिव पूजा के साथ क्षेत्र की विभिन्न मिलों का दौरा किया। जय मां बनभौरी राइस मिल पर रिकॉर्ड मेंटेन न होने पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
अधिकारियों ने मिलों में धान की खरीद प्रक्रिया, दस्तावेज और ट्रॉलियों की तौल का निरीक्षण किया। जांच की खबर मिलते ही कई मिलों ने एहतियातन खरीद प्रक्रिया अस्थायी रूप से रोक दी। प्रशासन ने यह सुनिश्चित करने की कोशिश की कि मंडी के बाहर सीधे फसल की खरीद न हो। जांच पूरी होने के बाद बेनीवाल ने कहा कि अब तक जिन मिलों की जांच की गई है उनमें किसी भी मिल में धान से भरी ट्रॉली नहीं पाई गई। किसी मिलर पर कार्रवाई की आवश्यकता नहीं है।
जब मिलों के बाहर खड़ी धान से भरी ट्रॉलियों के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि सड़क पर खड़ी ट्राॅलियां मिल परिसर का हिस्सा नहीं हैं इसलिए उन्हें रोका नहीं जा सकता लेकिन यदि कोई ट्रॉली मिल के अंदर पाई जाती है तो उस मिलर के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
बेनीवाल ने बताया कि मार्केट कमेटी को कड़े निर्देश दिए गए हैं कि भविष्य में नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी मिलर के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाए। प्रशासन किसानों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह सजग है और मंडी व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने के लिए सतत निगरानी जारी रखी जा रही है।
बाॅक्स
मिल के अंदर चल रही है जांच, बाहर ट्रैक्टर-ट्राॅली लेकर खड़े किसान
नरवाना की राइस मिलों में जोनल एडमिनिस्ट्रेटर सुरेंद्र बेनीवाल अपनी टीम और मार्केट कमेटी की सचिव पूजा के साथ औचक निरीक्षण में व्यस्त थे। अधिकारी मिल की खरीद प्रक्रिया, दस्तावेज और ट्रॉलियों की तौल पर नजर रख रहे थे लेकिन बाहर सड़क पर धान से भरी ट्रैक्टर ट्राॅलियां खड़ी थीं जिनके मालिक किसान फसल बेचने के लिए इंतजार कर रहे थे। मिल मालिक बार-बार किसानों से आग्रह कर रहे थे कि ट्रालियों को इधर-उधर ले जाएं ताकि निरीक्षण टीम को वास्तविक स्थिति न दिखे। कई किसानों ने मजबूरी में ट्राॅलियों को हिलाया जबकि कुछ वहीं स्थिर होकर इंतजार करते रहे।
वर्जन
नरवाना क्षेत्र की तीन राइस मिलों की सघन जांच की गई। इनमें एक गोयल इंडस्ट्री राइस मिल से 764 क्विंटल व दूसरी भगवती राइस मिल से 725 क्विंटल धान की मार्केट फीस वसूली गई। वहीं, जय मां बनभौरी राइस मिल पर रिकॉर्ड मेंटेन न होने पर दस हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। -पूजा, सचिव मार्किट कमेटी।
11जेएनडी33 : धरौदी रोड पर मिल में जांच के लिए पहुंची जांच टीम। स्रोत संवाद।