बेरी। हरियाणा विधानसभा आम चुनाव की प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए एसएसटी टीम द्वारा नाकाबंदी कर अवैध शराब व अवैध नकदी के आवागमन पर कड़ी नजर रखी जा रही है। एसएसटी टीमों द्वारा नाके लगाकर आने-जाने वाले वाहनों की सतर्कता से चेकिंग की जा रही है।
शुक्रवार को एसडीएम रविंद्र मलिक ने एसीपी अनिल कुमार के साथ गांव डीघल में लगे नाके का निरीक्षण किया। निरीक्षण उपरांत 67 बेरी विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम रविंद्र मलिक ने बताया कि बेरी निर्वाचन क्षेत्र में वाहनों की गहनता से जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि विधानसभा चुनाव को लेकर आदर्श आचार संहिता की पालना सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन पूरी तरह से सख्त है। विधानसभा आम चुनाव के मद्देनजर अवैध शराब की सप्लाई, धनबल के प्रयोग सहित अन्य अवांछनीय गतिविधियों पर नजर रखते हुए एसएसटी सहित अन्य पुलिस प्रशासन की टीम सजगता से अपना दायित्व निभा रही हैं और प्रशासन द्वारा पुलिस विभाग के साथ मिलकर सघन वाहन चेकिंग अभियान भी चलाया जा रहा है। इसके लिए चेकिंग बैरियर भी लगाए गए हैं जहां पर 24 घंटे जांच व निगरानी रखी जा रही है।
रिटर्निंग अधिकारी ने बताया कि 50 हजार रुपये से अधिक राशि मिलने पर संबंधित व्यक्ति को बताना होगा कि राशि कहां से आई है? इस राशि को कहां लेकर जा रहे हैं। यदि पैसा लेकर जाना जरूरी है, तो नगद राशि के बैंक स्टेटमेंट या जहां से आपको नगद रुपये मिले हैं उसकी जानकारी देनी होगी। उन्होंने बताया कि पचास हजार से अधिक राशि की निकासी पर क्यू आर कोड लगी रसीद देना जरूरी है। राजनीतिक दलों के कार्यक्रमों को वीवीटी टीम द्वारा कवर किया जा रहा है और आदर्श आचार संहिता की दृढ़ता से पालन सुनिश्चित करने के लिए पारखी नजर रखी जा रही है।