- रेलवे में नौकरी करते थे करौंथा निवासी भूपेंद्र सिंह
- सुबह भंभेवा-करौंथा रोड पर हुआ हादसा
माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक। करौंथा-भंभेवा रोड पर शनिवार सुबह करीब आठ बजे स्कूल बस ने बाइक सवार पूर्व सैनिक को टक्कर मार दी। टक्कर में करौंथा गांव के पूर्व सैनिक भूपेंद्र की मौत हो गई। इस संबंध में शिवाजी कॉलोनी थाने में एफआईआर दर्ज की गई है।
करौंथा गांव के पूर्व सैनिक ओमप्रकाश धनखड़ ने पुलिस को बताया कि वह बीएसएफ से सेवानिवृत्त हैं। उनके भतीजे भूपेंद्र दो साल पहले सेना से सेवानिवृत्त हुए थे। अब रोहतक-दिल्ली रेलवे लाइन पर खरावड़ फाटक पर ठेकेदार के माध्यम से गेटमैन की नौकरी कर रहे थे।
शनिवार सुबह बाइक पर घर से ड्यूटी के लिए रवाना हुए। रास्ते में करौंथा-भंभेवा रोड पर करौंथा आ रही विश्वकर्मा स्कूल की बस ने टक्कर मार दी। उन्हें पीजीआई ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
-
डीघल टोल बचाने के चक्कर में लिंक रोड से आ रहे वाहन
पूर्व सैनिक ओमप्रकाश ने बताया कि स्कूल बस का चालक झज्जर के डीघल का रहने वाला है। शाम को बस गांव में ले जाता है। डीघल टोल से बचने के लिए लिंक रोड से आता-जाता है। बस चालक की वजह से उसके भतीजे की जान चली गई। परिजनों ने बताया कि भूपेंद्र दो साल पहले सेना से सेवानिवृत्त हुए थे। तीन माह से रेलवे की नौकरी कर रहे थे। उनका एक बेटा प्रांशु व एक बेटी अक्षिता हैं। हादसे से परिवार गहरे सदमे में है।