हरियाणा के नारनौल में गांव निजामपुर में नाबार्ड के तहत बनाए जा रहे बुस्टिंग स्टेशन के निर्माण में घटिया सामग्री लगाने पर ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर रोष जताया।
ग्रामीणों ने जनस्वास्थ्य विभाग के जेई बलजीत सिंह से शिकायत कर निर्माण पर रोक लगाने और दोषी लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कराने की मांग की है।
ग्राम सरपंच मंजू देवी के ससुर रोहताश, पूर्व सरपंच अतर सिंह, नलवाटी विकास समिति के उपप्रधान हरि सिंह, भगत सिंह, मान सिंह, जगदीश, बजरंग लाल, कंवर सिंह, लख्मीचंद, दलीप सिंह, बृजलाल, चंदगीराम और लीलाराम ने बताया कि निजामपुर में नाबार्ड की ओर से जनस्वास्थ्य विभाग के बुस्टिंग स्टेशन का निर्माण करवाया जा रहा है।
इसमें ठेकेदार निम्न स्तर की ईंटों का इस्तेमाल कर रहा है। जो गलत है? यदि ऐसा हुआ तो न केवल सरकारी धनराशि का दुरुपयोग होगा बल्कि यह पेयजल योजना भी अधर में लटक जाएगी।
इससे लोगों को पेयजल मिलने में भी देरी होगी। ग्रामीणों ने जनस्वास्थ्य विभाग के जेई को मामले से अवगत कराते हुए मौके पर आकर ईंटों की जांच कर दोषियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई कराने की मांग की है।