हरियाणा में चरखी दादरी-दिल्ली मुख्य मार्ग पर गांव मोरवाला के पास नकली आरटीओ बनकर कुछ युवक एक ट्रक चालक से मारपीट कर ट्रक के कागजात छीन ले गए।
पुलिस ने चालक की शिकायत पर अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार इरफान नामक ट्रक चालक अपना दस टायरों वाला ट्रक लेकर चरखी दादरी से दिल्ली जा रहा था।
गांव मोरवाला के पास पहुंचने पर लाल बत्ती लगी एक गाड़ी ने उसे रुकने का इशारा किया। चालक ने उन्हें ट्रैफिक अधिकारी समझकर ट्रक रोक दिया।
चालक के ट्रक रोकते ही एक युवक ने स्वयं को आरटीओ बताकर उससे गाड़ी के कागजात मांगे।
इसपर चालक ने कागज उसे सौंप दिए। विभागीय कर्मचारी बने अन्य युवकों ने उससे पैसों की मांग की लेकिन चालक ने पैसे देने से इंकार कर दिया।
चालक के पैसे देने से इंकार करने पर सभी युवकों ने उस पर हमला बोल दिया। उन्होंने उसे पीट-पीटकर घायल कर दिया और फरार हो गए।
पीड़ित ट्रक चालक ने घटना की जानकारी चरखी दादरी सदर पुलिस को दी। पुलिस ने क्षेत्र में नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी लेकिन कोई सुराग नहीं लगा।
पुलिस ने इस संबंध में घायल चालक के बयान पर अज्ञात युवकों पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।