-फोटो 82 : महाबीर पार्क की गली नंबर 5 में किया जा रहा निर्माण दिखाते लोग। स्रोत पाठक
बहादुरगढ़। वार्ड 22 के अंतर्गत आने वाली महाबीर पार्क कॉलोनी की गली नंबर 5 का नगर परिषद की ओर से निर्माण कराया जा रहा है लेकिन कॉलोनी वासियों का आरोप है कि गली के निर्माण में लेवल नहीं किया गया है। ऐसे में उन्हें बारिश के मौसम में परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। लोगों ने वीरवार को नगर परिषद अधिकारियों को शिकायत देकर लेवल ठीक कराने की मांग की है।
कॉलोनी वासी राजू दलाल, बिजेंद्र अहलावत, ईश्वर अहलावत, नरेंद्र कुमार, प्रेम अरोड़ा, प्रीतम दलाल, मा. तेज सिंह, अनुराग, मैसी सैन, विक्रम राठी, चंद्र छिल्लर, कर्मवीर, सुधीर, रमेश सहरावत, महासिंह प्रजापत, राजू ठाकुर, संजय दत्त व करण सिंह जांगड़ा ने बताया कि महाबीर पार्क की गली नंबर 5 का निर्माण करने के लिए बुधवार रात को कंक्रीट डाली गई है।
इसका लेवल तय नहीं किया गया है। दिल्ली-रोहतक रोड तक गली का लेवल एक जैसा होना चाहिए जबकि ऐसा नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि गली में सीवर के ढक्कन गली के लेवल के अनुसार उठाए जाने चाहिए लेकिन वह काफी नीचे हैं।
इससे बारिश के मौसम में फिर से गलियों में पानी भरेगा और लोगों को आवागमन करने में परेशानियां उत्पन्न होंगी। इससे जनता के पैसे की बर्बादी होगी। उन्होंने नगर परिषद अधिकारियों को शिकायत देकर गली का लेवल ठीक कराकर निर्माण कराने की मांग की।