बस स्टैंड इंचार्ज कार्यालय में शिकायत करने आई रिसर्च स्कॉलर, कर्मी के आने का इंतजार करती हुई।
- फोटो : RohtakCity
रोहतक। पीपली स्टॉपेज पर रोहतक डिपो की बस के नहीं रुकने से कुरुक्षेत्र यूनीवर्सिटी की रिसर्च स्कॉलर छात्रा को न सिर्फ कंधे पर दो बैग लटकाकर भागना पड़ा, फिर भी चालक ने बस नहीं रोकी। परेशान छात्रा ने पूरे मामले की शिकायत रोहतक डिपो में की। वहीं, जीएम ने कहा छात्रा के बताए समय से बस के बारे में पता करके कार्रवाई की जाएगी।
महम निवासी पारुल कुरुक्षेत्र यूनीवर्सिटी की रिसर्च स्कॉलर है। उन्होंने बताया कि वह रोहतक आने के लिए पीपली स्टॉपेज पर बस का इंतजार कर रही थी। तभी चंडीगढ़ की तरफ से रोहतक डिपो की बस 11:10 बजे आई और वह स्टॉपेज से काफी दूर जाकर रुकी। बस के इंतजार में खड़ी काफी सवारियां बस की तरफ दौड़ीं तभी बस ने चलना शुरू कर दिया। चिल्लाने पर कंडक्टर ने दौड़ते हुए बस में सवार होने के लिए कहा जबकि वह दो-दो बैग टांगे थी। जब बस काफी दूर चली गई तब वह लौटकर फिर स्टॉपेज पर आई और दूसरी बस में सवार होकर पानीपत पहुंची। पानीपत से दूसरी बस में सवार होकर रोहतक स्टैंड पर उतरी। छात्रा ने स्टैंड इंचार्ज दफ्तर में मौजूद कर्मी से शिकायत की। डिपो महाप्रबंधक का कहना है कि छात्रा को यदि बस का नंबर नहीं पता तो वह समय के हिसाब से पता करवा लेंगे। शिकायत मिलने पर बस चालक व कंडक्टर के खिलाफ का कार्रवाई की जाएगी।