संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। बदलते खानपान और निष्क्रिय जीवनशैली के कारण मधुमेह (डायबिटीज) की समस्या लगातार बढ़ रही है। पहले इसे बुजुर्गों की बीमारी कहा जाता था लेकिन अब युवा भी इससे ग्रस्त हो रहे हैं। नागरिक अस्पताल के मेडिसिन विभाग के डॉ. पवन गोयल ने बताया कि रोजाना ओपीडी में औसतन चार नए मधुमेह मरीज आ रहे हैं जिनमें युवाओं की संख्या बढ़ रही है।
रोजाना ओपीडी में करीब 250 मरीज पहुंचते हैं। मधुमेह दो प्रकार टाइप-1 और टाइप-2 होता है। टाइप-1 जन्म से जबकि टाइप-2 का कारण आरामदायक जीवनशैली, मोटापा, तनाव, आनुवंशिक कारण, अधिक वसायुक्त भोजन और शारीरिक श्रम की कमी है।
खाली पेट ब्लड शुगर लेवल 70 से 100 एमजी या डीएल के बीच है तो यह सामान्य है। 100 से 125 एमजी या डीएल होने पर व्यक्ति बॉर्डर लाइन पर है जबकि इससे अधिक होने पर उसे डायबिटीज माना जाता है।
डॉ. पवन गोयल का कहना है कि नागरिक अस्पताल में एनसीडी (नॉन-कम्युनिकेबल डिजीज) क्लीनिक के तहत डायबिटीज रोगियों के लिए जांच, परामर्श और काउंसिलिंग की सुविधाएं उपलब्ध हैं ताकि मरीज शुगर लेवल को नियंत्रित रख सकें।
-
ये हैं लक्षण
अत्यधिक भूख-प्यास लगना, थकान, आलस्य, त्वचा पर खुजली, जख्म का देर से भरना और बार-बार मूत्र आना। ये लक्षण दिखते ही डॉक्टर से मधुमेह की जांच कराएं।
मधुमेह से बचाव के लिए हाई फाइबर डाइट जैसे चना, दालें, बाजरा और साबुत अनाज को भोजन में शामिल करें। मीठे और जंक फूड से परहेज करें। मधुमेह के मरीज मिठाई की जगह सूखे आंवले का सेवन कर सकते हैं। युवाओं में जंक फूड और कोल्ड ड्रिंक की अधिकता के कारण डायबिटीज के मामले भी तेजी से बढ़ रहे हैं। रोजाना हल्का व्यायाम और सैर करने से शरीर में ग्लूकोज का स्तर नियंत्रित रहता है। गर्भवती को भी संतुलित भोजन और नियमित व्यायाम अपनाना चाहिए ताकि गर्भकालीन मधुमेह से बचा जा सके।
- सोनिया, सीनियर डाइटीशियन
-
मधुमेह के रोगियों को हाई ब्लड प्रेशर होने की आशंका अधिक होती है। सर्दियों में मरीज पानी का सेवन कम करते हैं जिससे डिहाइड्रेशन का शिकार हो जाता है और इम्युनिटी कमजोर होती है। इससे अन्य बीमारियों का खतरा भी बढ़ता है। मधुमेह के मरीजों को नमक का सेवन सीमित रखना चाहिए क्योंकि इससे हाई ब्लड प्रेशर की समस्या हो सकती है। सर्दियों में पर्याप्त पानी का सेवन करें। नियमित जांच कराते रहना चाहिए ताकि बीमारी पर नियंत्रण रखा जा सके।
- मीनू, डाइटीशियन
10-सोनिया, सीनियर डाइटिशियन।
10-सोनिया, सीनियर डाइटिशियन।