धारूहेड़ा। पुलिस ने आठ साल पुराने ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझा ली है। मामले में मुख्य आरोपी गांव खुर्मपुर निवासी सोमबीर को गिरफ्तार किया है। आरोपी सोमबीर से अवैध हथियार के स्रोतों के बारे में सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने दिसंबर 2018 में अपने ही गांव के रतनलाल की हत्या का खुलासा किया।
सूचनाएं लीक करने के शक में दोस्तों के साथ मिलकर सोमबीर ने गला दबाकर गांव के रतनलाल को मौत के घाट उतार दिया था। डीएसपी बावल सुरेंद्र श्योराण ने पत्रकार वार्ता में बताया कि पुलिस ने आरोपी सोमबीर से सख्ती से पूछताछ की तो उसने खुद ही हत्या की कहानी बताई।
उसने बताया कि उसके दोस्त सुनील का गांव के ही एक अन्य व्यक्ति से जमीनी विवाद था जिसको लेकर उसके खिलाफ थाना बावल में हत्या के प्रयास का मामला भी दर्ज था। सुनील के घर के ठीक सामने मृतक रतनलाल का घर था। हम लोगों को शक था कि रतनलाल उनके विरोधियों को सूचनाएं बताता है।
इसी रंजिश के चलते सोमबीर, सुनील और उसके साथी मंजीत ने मिलकर 26 दिसंबर 2018 की रात रतनलाल के घर पर उसके साथ मारपीट की और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी थी।
45 वर्षीय रतनलाल गांव में ही सफाई कर्मचारी का काम करते थे। वह अपने परिवार में अकेले थे और 27 दिसंबर 2018 की सुबह उनके चचेरे भाई प्यारेलाल को मृत अवस्था में चारपाई पर मिले थे।
डीएसपी सुरेंद्र श्योराण ने बताया कि आरोपी सोमबीर को अब थाना बावल में 2018 में दर्ज इस हत्या के मामले में भी शामिल तफ्तीश की जाएगी। पुलिस रिमांड के दौरान हत्या में शामिल उसके अन्य साथियों की गिरफ्तारी और अवैध हथियार के सप्लायर का पता लगाने के लिए गहन पूछताछ की जाएगी।
इस तरह पकड़ा गया आरोपी
गत 5 मई को सीआईए धारूहेड़ा को सूचना मिली थी कि गढ़ी बोलनी रोड पर रेलवे पुल के नीचे एक संदिग्ध व्यक्ति अवैध हथियार के साथ घूम रहा है।
सूचना के आधार पर सीआईए टीम ने कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने पीछा कर उसे काबू कर लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक अवैध देशी कट्टा और एक कारतूस बरामद हुआ। आरोपी ने पूछताछ में अपनी पहचान सोमबीर के रूप में बताई। इस संबंध में पुलिस ने थाना कसौला में आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।