06जेएनडी09: विजेता टीम पदक के साथ खुशी जताते हुए। स्रोत: कोच
जींद। गुजरात के सूरत में आयोजित तीसरी सब-जूनियर एवं जूनियर राष्ट्रीय पिट्टू प्रतियोगिता में हरियाणा की टीम ने शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता चार मई से छह मई तक आयोजित हुई। इसमें देशभर की टीमों ने भाग लिया।
पिट्टू एसोसिएशन हरियाणा के तत्वावधान में सब-जूनियर और जूनियर वर्ग के लड़के व लड़कियों ने हिस्सा लिया। सब-जूनियर बालिका वर्ग में हरियाणा की टीम ने फाइनल मुकाबले में उत्तराखंड को 110-38 के अंतर से हराकर स्वर्ण पदक जीता।
वहीं, सब-जूनियर लड़कों की टीम को फाइनल में उत्तर प्रदेश से हार का सामना करना पड़ा और टीम को रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
एसोसिएशन से जुड़े संजय कुमार हैबतपुर ने बताया कि हरियाणा में पिट्टू खेल की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है जिसके चलते प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों की भागीदारी भी बढ़ रही है। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि यह सफलता कोच और टीम प्रबंधन की मेहनत का परिणाम है।
प्रतियोगिता के समापन समारोह में मध्य प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। पिट्टू फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव नवीन, गुलाब चौहान व स्वामी नारायण मिशन ट्रस्ट के संतों ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया।