संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। चौधरी बंसीलाल स्टेडियम लाहली में खेले जा रहे रणजी ट्रॉफी मैच में सोमवार को सर्विसेज ने 216 रन की बढ़त ले ली। हरियाणा ने पहली पारी में 111 रन बनाए। सर्विसेज के अमित शुक्ला ने आठ विकेट लिए। दूसरे दिन का खेल खत्म होने सर्विसेज ने दूसरी पारी में चार विकेट के नुकसान पर 122 रन बना लिए थे। सर्विसेज मजबूत स्थिति में नजर आ रहा है।
मैच के दूसरे दिन हरियाणा ने पहली पारी में पांच विकेट के नुकसान पर 20 रन से आगे खेलना शुरू किया। 66 रन के स्कोर पर हरियाणा ने छठा विकेट गंवा दिया। इसके बाद हरियाणा का कोई भी बल्लेबाज टिक नहीं पाया व 111 रन पर टीम ऑलआउट हो गई।
हरियाणा की ओर से सबसे ज्यादा कप्तान अंकित कुमार ने 32 रन बनाए। सर्विसेज की ओर से अमित शुक्ला ने 20 ओवर में 8 मेडन व 27 रन देकर आठ विकेट लिए। पुलकित ने दो विकेट लिए। सर्विसेज की दूसरी पारी में शुरुआत अच्छी नहीं रही। अंशुल ने तीसरी गेंद पर हरियाणा को पहला विकेट दिलाया।
26 रन पर दूसरा, 66 रन पर तीसरा, 77 रन पर चौथा विकेट गंवाया। दूसरे दिन का खेल खत्म होने पर सर्विसेज ने चार विकेट पर 122 रन बना लिए थे। सर्विसेज के रवि 28 व रजत 20 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं। हरियाणा की ओर से मयंक ने दो, अंशुल व राहुल ने एक-एक विकेट लिया। इससे पहले सर्विसेज ने पहली पारी में 205 रन बनाए थे।