रोहतक के लाहली स्थित चौधरी बंसीलाल क्रिकेट स्टेडियम में मंगलवार को एलीट ग्रुप ए का रणजी मैच हरियाणा व हिमाचल प्रदेश के बीच खेला गया। टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी हरियाणा की टीम को हिमाचल प्रदेश ने 20.4 ओवर में महज 46 रनों पर ऑलआउट कर दिया।
इसके बाद बल्लेबाजी करते हुए शाम का खेल समाप्त होने तक हिमाचल प्रदेश ने एक विकेट खोकर 246 रन बनाकर 200 रनों की बढ़त हासिल की। ऐसे में हरियाणा पर इनिंग से हार का खतरा मंडरा रहा है।
मंगलवार सुबह हरियाणा की टीम बल्लेबाजी करने उतरी। ओपनर चैतन्य बिश्नोई और युवराज सिंह की जोड़ी सात रन ही बना पाई। तीसरे ओवर की चौथी गेंद पर वैभव अरोड़ा ने युवराज सिंह को बोल्ड कर दिया। वे एक ही रन बना पाए। बिश्नोई 7 रन पर खेल रहे थे।
इसके बाद विकेट गिरने का सिलसिला थमा नहीं और एक के बाद एक पूरी टीम 20.4 ओवर में 46 रन पर ऑलआउट हो गई। इसमें भी छह रन एक्स्ट्रा के रहे। सबसे अधिक 19 रन निशांत सिंधू के बल्ले से निकले। शेष में चार बल्लेबाज शून्य पर, दो एक-एक रन, दो दो-दो रन व एक आठ रन ही बना पाया।
हिमाचल की ओर से गेंदबाज वैभव अरोड़ा ने दो मेडन फेंकने के साथ कुल सात ओवर में 15 रन देकर चार विकेट झटके। इसके बाद सिद्धार्थ शर्मा ने 7.4 ओवर में 12 रन देकर तीन विकेट झटके। रिषि धवन ने पांच ओवर में 13 रन पर एक विकेट व कंवर अभिन्य ने एक ओवर में बगैर रन दिए दो विकेट झटके।
हिमाचल प्रदेश की ओपनर जोड़ी में राघव धवन व प्रशांत चोपड़ा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम के लिए 219 रन जोड़े। इसके बाद 59.2 ओवर में बिश्नोई की गेंद पर सिंधू ने कैच पकड़ कर प्रशांत चोपड़ा को आउट किया। प्रशासन ने 181 गेंदों पर 137 रन बनाए। इसमें 16 चौके व चार छक्के शामिल हैं।
राघव 196 गेंदों पर 86 रन बनाकर नॉट आउट खेल रहे हैं। क्रीज पर साथ देने आए अंकित कलसी 26 गेंद पर 15 रन बना चुके हैं। टीम शाम तक एक विकेट पर 246 रन बना चुकी है। अभी तीन दिन का खेल और नौ विकेट हाथ में हैं। ऐसे में हिमाचल की टीम हरियाणा को पारी से हराने के लिए बड़ा स्कोर खड़ा करना चाहेगी।