हरियाणा व उत्तराखंड के बीच 24 जनवरी को शुरू हुआ एलीट वर्ग एक का रणजी मैच शुक्रवार को ड्रॉ पर समाप्त हुआ। उत्तराखंड की टीम शाम को खेल समाप्त होने तक पांच विकेट पर 61 रन पर खेल रही थी। शुक्रवार का दिन रणजी मैच में रोमांचक रहा। हरियाणा ने दोपहर तक 7 विकेट पर 168 रन बनाकर अपनी दूसरी पारी घोषित कर दी। हरियाणा ने 132 रनों की बढ़त लेकर उत्तराखंड को 133 का लक्ष्य दिया।
हरियाणा को जीत के लिए उत्तराखंड को ऑलआउट करना था। लेकिन शाम तक उत्तराखंड की टीम पांच विकेट खोकर 61 रन पर खेलती रही। सभी विकेट नहीं गिरने के चलते मैच ड्रॉ हो गया। हरियाणा के गेंदबाज जयंत यादव ने 11 ओवर में 40 रन देकर तीन विकेट व निशांत सिंधू ने 11 ओवर में छह रन देकर दो विकेट झटके।
इससे पूर्व पहली परी की गेंदबाजी में भी जयंत यादव ने 19 ओवर में 74 रन देकर तीन विकेट व निशांत सिंधु ने 14 ओवर में 57 रन देकर चार विकेट झटके। इनके अलावा अजीत चहल ने 12 ओवर में 24 रन देकर व मयंक शांडिल्य ने 4.4 ओवर में 21 रन देकर एक-एक विकेट झटके। जबकि एक खिलाड़ी रन आउट रहा।
मैच में टाॅस जीत कर उत्तराखंड ने क्षेत्ररक्षण का फैसला लेते हुए हरियाणा को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। हरियाणा ने पहली पारी में 233 रन बनाए। दूसरे दिन मौसम खराब होने के चलते मैच नहीं हो सका। तीसरे दिन उत्तराखंड ने पहली पारी में 269 रन बनाए। शुक्रवार को मैच के अंतिम दिन हरियाणा ने दोपहर तक खेलकर मैच में बढ़त बनाई और पारी घोषित कर उत्तराखंड को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया।