रोहतक। सुंडाना गांव के रामफल हत्याकांड में पुलिस ने आरोपी भाई सत्यवान व उसके बेटे प्रवेश को गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार को उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से दो दिन के रिमांड पर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलासा हुआ है कि झगड़े में रामफल की सांस की नली फट गई, जिसके चलते फेफड़ों ने काम करना बंद कर दिया। साथ ही उसका होट भी कटा हुआ था। पांच-छह चोट के चलते उसने दम तोड़ा है। पुलिस अब मामले में आरोपी महिला की भूमिका की जांच कर रही है। उसे अभी गिरफ्तार नहीं किया गया है।
कलानौर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रमेश कुमार ने बताया कि छह नवंबर को सूचना मिली कि सुंडाना गांव निवासी 64 वर्षीय रामफल की झगड़े में मौत हो गई है। पुलिस ने मृतक के बेटे कर्मबीर के बयान दर्ज किए। कर्मबीर ने बताया कि उसके पिता रामफल पानी की पाइप लाइन जोड़ने के लिए उसके चाचा सत्यवान के मकान के बाहर गए थे। पाइप लगाने को लेकर उसके चाचा सत्यवान ने अपने परिजनों के साथ मिलकर उसके पिता पर लाठी व डंडों से हमला कर दिया। इस कारण उसके पिता की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी सत्यवान, उसके बेटे व पत्नी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया था। बुधवार को कार्रवाई करते हुए आरोपी सत्यवान व उसके बेटे प्रवेश को गिरफ्तार कर लिया है।