रोहतक। रामलीला से जुड़े कार्यक्रम समय-समय पर होते रहने चाहिए। रामलीला के सभी पात्रों से समाज को धर्म और कर्तव्य की शिक्षा मिलती है। विधायक भारत भूषण बतरा ने ये विचार श्री रामलीला उत्सव कमेटी की ओर से हिसार रोड स्थित बीपी जैन स्किल डेवलपमेंट सेंटर में रविवार को हुए सम्मान समारोह में बतौर मुख्य अतिथि व्यक्त किए।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की पत्नी आशा हुड्डा भी समारोह में मुख्य अतिथि रहीं। उन्होंने कहा कि यह रामलीला कमेटी बड़ा आयोजन कर लोगों को भगवान श्रीराम के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का काम कर रही है।
कमेटी के संरक्षक राजेश जैन ने कहा कि श्रीराम ने अपने पिता के वचनों का पालन करते हुए अपने छोटे भाई के लिए राजपाठ छोड़ दिया। इससे उनके त्याग की शिक्षा मिलती है।
वे रावण के साथ युद्ध में सभी को साथ लेकर चले जिससे सभी को साथ लेकर चलने की शिक्षा मिलती है।
रामलीला में मंचन करने वाले कलाकारों, बाल कलाकारों, समिति के सभी सदस्यों, साउंड वाले, लाइट वाले, टेंट, मंच संचालक आदि को समारोह में सम्मानित किया गया।
जूना अखाड़ा के उपाचार्य बाबा कपिल पुरी, महामंडलेश्वर बाबा कर्णपुरी, महामंडलेश्वर बाबा विश्वेश्वरानंद, महामंडलेश्वर राघवेंद्र भारती के सानिध्य में समारोह हुआ।
इस अवसर पर सुरेश बंसल, कमेटी के प्रधान सुभाष तायल, मीडिया प्रभारी राजीव जैन, शंकर लाल मित्तल, जयभगवान ऐरन, रमेश रोहिल्ला, अंकित गर्ग, सन्नी निझावन, अजेश गुप्ता, उमा गोयल, संतोष आदि उपस्थित थे। मंच संचालन विजय बाबा व सतीश भारद्वाज ने किया।