साध्वी से दुष्कर्म की सजा काट रहा गुरमीत राम रहीम ने अपनी मां को जेल से पत्र लिखा है। जिसमें उसने मां को कोरोना संक्रमण से बचने के गुर बताए हैं। उसने लिखा है कि सतगुरु ने चाहा तो जल्दी आकर आपकी पूरी सेवा करूंगा। उसने अपनी मां को प्राणायाम करने को कहा है। साबुन से हाथ नाखून साफ रखने को कहा है। इसके साथ ही विटामिन सी के सेवन से लेकर तुलसी के सेवन की बात कही है।
राम रहीम ने साध संगत को लिखा है कि अपने क्षेत्र के डीसी से अनुमति लेकर पूरी सेवा करें। एडम ब्लॉक वाले इस बात का ध्यान रखें कि सेवादारों को कोई परेशानी न हो। इससे पहले चार बार पैरोल के लिए आवेदन किया जा चुका है। जिसमें दो बार तो उसकी मां की बीमारी का हवाला दिया गया था।
गौरतलब है कि 22 मार्च से जेल में बंद कैदियों से मिलाई पर रोक है। इसके कारण राम रहीम की परिजनों से मुलाकात नहीं हो पा रही है। जेल में बंद होने के बाद पहली बार उसका पत्र जारी हुआ है। गुरमीत राम रहीम की ओर से लिखा गया यह पत्र सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। डेरा सच्चा सौदा से जुड़े लोग इसे लोगों तक पहुंचा रहे हैं।
लॉक डाउन के कारण इन दिनों जेल में मिलाई बंद है। गुरमीत राम रहीम की ओर से लिखा गया पत्र उनके वकील के माध्यम से मां को दिया गया है।
- सुनील सांगवान, जेल अधीक्षक, सुनारिया