रोहतक। सुनारिया जेल में सजा काट रहे राम रहीम का पैरोल खत्म हो गया है। पुलिस उसे शुक्रवार को सुनारिया जेल लेकर आएगी। इसके लिए पुलिस ने जेल के आसपास की सुरक्षा बढ़ा दी है।
अगस्त 2017 में पंचकूला में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की एक विशेष अदालत ने दो साध्वी यौन प्रकरण में राम रहीम को 20 साल की सजा सुनाई थी। तभी से वह रोहतक की सुनारिया जेल में बंद है। 15 अक्तूबर को प्रदेश सरकार ने उसे 40 दिन का पैरोल दी थी। रोहतक पुलिस की एक टीम उसे पैरोल अवधि व्यतीत करने के लिए यूपी के बागपत छोड़कर आई थी। शुक्रवार सुबह पुलिस की एक टीम बागपत के लिए रवाना होगी। एसपी उदय सिंह मीना ने बताया कि जैसे ही मुख्यालय से आदेश आएंगे, तुरंत टीम रवाना हो जाएगी।