रोहतक सुनारिया जेल में बंद रामरहीम एक बार फिर जेल से बाहर आ रहा है। उसको 50 दिन की पैरोल मिली है, जिस दौरान वह बागपत के बरनावा आश्रम में रहेगा। वह शुक्रवार देर शाम या शनिवार सुबह जेल से बागपत के लिए रवाना हो सकता है। रामरहीम के जमानती कागजात दोपहर तैयार न होने के कारण उसके जेल से बाहर आने में समय लग रहा है।
गुरमीत को साध्वी दुष्कर्म मामले में वर्ष 2017 में सजा सुनाई गई थी। बाद में उसे छत्रपति हत्याकांड और रणजीत हत्याकांड में भी सजा हो चुकी है। शुक्रवार को उसकी 50 दिन के पैरोल की अर्जी मंजूर हो गई। जैसे ही पुलिस को सूचना मिली तो जेल परिसर के आसपास सतर्कता बढ़ा दी गई। शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस ने आउटर हिसार बाईपास, रुपया चौक से लेकर आईएमएमए तक छानबीन की। खुफिया विभाग के सूत्रों का कहना है कि रामरहीम किसी भी समय जेल से बाहर आ सकता है। डीएसपी के नेतृत्व में पुलिस की टीम उसे यूपी छोड़कर आएगी।
जेल में है गुरमीत है कैदी नंबर 8647
डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत सिंह 12वीं बार जेल से बाहर आएगा। उसे आठवीं बार पैरोल मिली है। जेल में उसको कैदी नंबर 8647 नंबर दिया गया है। अब तक रामरहीम की ज्यादातर पैरोल यूपी के बागपत जिले के बरनावा आश्रम में कटी है।
कब-कब जेल से बाहर आया गुरमीत
- 20 अक्तूबर 2020: मां से मिलने के लिए एक दिन की पैरोल मिली।
- 12 मई 2021: ब्लड प्रेशर और बेचैनी की शिकायत पर पीजीआई में जांच के लिए लाया गया।
- 17 मई 2021: मां से मिलने के लिए एक दिन की पैरोल दी गई। पुलिस सुरक्षा में उसे गुरुग्राम ले जाया गया।
- 3 जून 2021: पेट में दर्द की शिकायत पर पीजीआई लाया गया।
- 8 जून 2021: स्वास्थ्य जांच के लिए गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल ले जाया गया।
- 13 जुलाई 2021: जांच के लिए एम्स ले जाया गया। वापसी में दो महिलाओं से कथित मुलाकात की जांच की जा रही है।
- फरवरी 2022: 21 दिन की पैरोल मिली।
- जून 2022: 30 दिन की पैरोल मिली।
- अक्तूबर 2022: 40 दिन की पैरोल मिली।
- 21 जनवरी 2023: 40 दिन की पैरोल मिली।
- 20 जुलाई 2023 : 30 दिन की पैरोल मिली।
- 20 नवंबर 2023 : 21 दिन की पैरोल मिली।