स्पेन में 22-25 मई तक वर्ल्ड टेबल टेनिस चैंपियनशिप होनी है। जिसमें उद्योगपति राजकुमार शर्मा भी भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। राजकुमार शर्मा का चयन चंडीगढ़ में हुई नेशनल चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने पर हुआ है। इससे पहले भी राजकुमार कई अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप में हिस्सा ले चुके हैं। टेबल टेनिस खेलना राजकुमार शर्मा ने कॉलेज के समय में ही शुरू कर दिया था। वह कई बार हरियाणा की तरफ से राष्ट्रीय चैंपियनशिप में भाग ले चुके हैं।
ऐसा नहीं है कि राजकुमार शर्मा केवल उद्यमी और खिलाड़ी हैं, बल्कि वह अभिनय भी करते हैं और वह हरियाणवी फिल्म ‘लीलो चमन’ में किरदार निभा चुके हैं। राजकुमार शर्मा का कहना है कि वह इस प्रतियोगिता के लिये पिछले कई महीनों से प्रेक्टिस कर रहे थे। उन्हें पूरी उम्मीद है कि वह इस चैंपियनशिप में मेडल जीतकर देश का नाम रोशन करेंगे।