रोहतक। राजीव गांधी खेल स्टेडियम में कार्यरत सफाई कर्मचारी व सिक्योरिटी गार्ड्स ने मंगलवार को वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा से उनके आवास पर मुलाकात की। कहा कि अगस्त 2023 से जून 2024 तक का बकाया वेतन अब भी नहीं दिया। इस कारण सफाई कर्मचारियों के परिवार आर्थिक तंगी का सामना कर रहे हैं।
आम आदमी पार्टी वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा ने कहा कि भाजपा गरीब परिवारों की रोजी-रोटी छीनने का काम कर रही है। सभी कर्मचारियों को वेतन मिले ग्यारह माह हो चुके हैं। इस कारण सभी कर्मचारियों की वित्तीय स्थिति खराब हो चुकी है। उन्होंने कहा पिछले एक साल से इनकी समस्या का कोई समाधान नहीं हुआ हो रहा है। वहीं, इसके साथ ग्रुप-डी और एचकेआरन में कार्यरत कर्मियों को भी पिछले पांच माह से वेतन नहीं मिला है।
उन्होंने कहा कि इसके साथ भाजपा सरकार एचकेआरन के नाम पर जो घोटाला कर रही है, वो भी सबके सामने है। नियमों के अनुसार, सभी कर्मचारियों को पोर्टल पर रजिस्टर किया जाना था, लेकिन पिछले ढाई साल से न ही इनको पोर्टल पर रजिस्टर किया गया और न ही इनका वेतन मिल रहा। अगर जल्द से जल्द सभी कर्मचारियों का वेतन नहीं मिला तो आम आदमी पार्टी प्रदर्शन करने को मजबूर होगी।