हरियाणा में चरखी दादरी के सैणीपुरा क्षेत्र में औषधि नियंत्रण विभाग और पुलिस बल ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित नशीली दवाओं के गोदाम पर छापेमारी की। टीम ने एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की।
जानकारी के अनुसार औषधि नियंत्रण विभाग के मुख्य ऑफिस को शिकायत मिली थी कि प्रतिबंधित नशीली दवाओं की चरखीदादरी क्षेत्र में खुलेआम बिक्री की जा रही है।
शिकायत पर कार्रवाई करते हुए विभागीय अधिकारियों ने चखी दादरी में गुप्त रूप से रेकी कर उन ठिकानों को खोजा जहां पर युवा इन दवाओं का सेवन करते आ रहे थे।
निशानदेही के आधार पर टीम सदस्य रविवार को दवाओं के इस गोदाम तक पहुंचे। जिला औषधि नियंत्रक रमन श्यारोण व रजनीश कुमार ने पुलिस बल को साथ लेकर सैणीपुरा स्थित गोदाम पर छापा मारा।
गोदाम में बने दो कमरों में नशीली दवाओं की बड़ी खेप पकड़ी। पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।