पीजीआई के शिशु रोग विभाग में आयोजित क्विज प्रतियोगिता में शामिल डॉक्टर । विज्ञप्ति
रोहतक। पीजीआईएमएस के शिशु रोग विभाग की ओर से शनिवार को एमबीबीएस अंतिम वर्ष के छात्रों के लिए कॉलेज स्तर पर इंडियन एसोसिएशन आफ पीडियाट्रिक्स की 36वीं कांफ्रेस में क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें शिशुओं की बीमारी से संबंधित सवाल पूछे गए और सवाल-जवाब के लिए छह राउंड किए गए। प्रतियोगिता में जज की भूमिका विभागाध्यक्ष डॉ. गीता गठवाला ने निभाई।
क्विज मास्टर की भूमिका निभा रही डॉ. पूनम दलाल ने बताया कि शनिवार को क्विज प्रतियोगिता विभागाध्यक्ष डॉ. गीता गठवाला के दिशा-निर्देशन में आयोजित की गई। इसमें एमबीबीएस 2019 व 2020 के विद्यार्थियों ने पूरे जोश के साथ हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में चार टीमें बनाई गई थी और छह रांउड आयोजित किए गए थे, इसमें शिशुओं की बीमारी से संबंधित प्रश्न पूछे गए। विभागाध्यक्ष डॉ. गीता गठवाला ने बताया कि उन्हें काफी खुशी है कि उनके यहां के विद्यार्थी पढाई में काफी होनहार हैं। ऐसी प्रतियोगिताओं से छात्रों का काफी ज्ञानवर्धन होता है। प्रतियोगिता में डी टीम के अर्नव व गौरव ने यह प्रतियोगिता जीती। इसके बाद डिवीजनल स्तर पर, राज्य स्तर, जोनल स्तर पर प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी और अंत में 2024 में केरल में आयोजित पेडिकॉन में विजेता टीम को सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर डॉ. दिनकर यादव, डॉ. निखिल, डॉ. रेनू, डॉ. शिल्पी व अन्य पीजी छात्र उपस्थित रहे।