माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक। शहर के तिलकनगर में पेमेंट को लेकर कार्यालय मालिक व मिस्त्री के बीच झगड़ा हो गया। आरोप है कि तीन युवकों ने मिस्त्री के साथी कर्मचारी जीवन की गर्दन पर पीछे चाकू से वार कर दिया। साथ ही मिस्त्री को घसीटकर पीटा। सिविल लाइन थाना पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। देर रात तक मामला दर्ज नहीं हो सका था।
पंजाब के बठिंडा निवासी गुरविंदर सिंह ने बताया कि वह कोठियों में फर्नीचर का कार्य करता है। साथ ही तिलक नगर में मकान लेकर रह रहा है। उसने एक युवक के कार्यालय में फर्नीचर तैयार किया था। इसके बावजूद कार्यालय मालिक पैसे नहीं दे रहा है। न ही उसकी मशीन व दूसरे उपकरण दे रहा है। यहां तक उसकी मशीन के टायर तक उतारकर रख लिए हैं। शुक्रवार को वह कार्यालय में अपने साथी कर्मचारी 20 वर्षीय जीवन के साथ गया। मशीन के टायर उतारने का विरोध जताया। इस बात को लेकर आरोपी झगड़ा करने लगे। तीन युवकों ने झगड़ा शुरू कर दिया। उसके साथी युवक जीवन की गर्दन पर चाकू से वार किया। जबकि उसे घसीटकर पीटा गया।
सूचना पाकर तत्काल पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची। दोनों पक्षों से बातचीत की। घायल युवक के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामला लड़ाई झगड़े का है।
कपिल कुमार, प्रभारी पुलिस चौकी माडल टाउन