खनौरी बॉर्डर पर लगे मंच के पास किसानों की भीड़। स्रोत : किसान
नरवाना । खनौरी बॉर्डर पर किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल का हालचाल जानने के लिए पंजाब के डीजीपी गौरव यादव और निदेशक गृह मंत्री भारत सरकार मयंक मिश्रा पहुंचे। इस दौरान चिकित्सकों की टीम ने भी स्वास्थ्य की जांच की।
चिकित्सकों ने मेडिकल बुलेटिन जारी करते हुए कहा कि डल्लेवाल की हालत अब ज्यादा बिगड़ गई है। डल्लेवाल को साइलेंट हार्ट अटैक का खतरा बना हुआ है। डीजीपी और डायरेक्टर होम मिनिस्टर भारत सरकार ने डल्लेवाल से कहा कि उनकी तबीयत ज्यादा खराब है। उनकी जिंदगी ज्यादा कीमती है, इसलिए आप जरूरत पड़ने पर मेडिकल इलाज करवाएं। इसके जवाब में डल्लेवाल ने कहा कि यदि केंद्र सरकार सच में उनकी जिंदगी को लेकर इतनी ही चिंतित है तो किसानों की मांगों को पूरा करे। इससे देश में किसानों की आत्महत्या बंद हो जाएगी।
किसान नेता अभिमन्यु कोहाड़ ने कहा कि सोमवार को सभी राज्यों में जिला व तहसील स्तर पर ट्रैक्टर मार्च किया जाएगा। उसके बाद एसडीएम व डीसी के माध्यम से राष्ट्रपति को डल्लेवाल की लिखित चिट्ठी भेजी जाएगी। उन्होंने बताया कि पहलवान विनेश फोगाट, किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी, खापों के प्रधान व अन्य सामाजिक लोग डल्लेवाल का हालचाल जानने के लिए खनौरी बॉर्डर पर पहुंचे।
जुलाना से बॉर्डर पर जाएगा जत्था
जुलाना से आज किसान नेता के समर्थन में बॉर्डर पर जत्था जाएगा। इसके लिए विधायक विनेश फोगाट ने सोशल मीडिया पर किसानों से अपील भी की है। जत्थे में 100 से ज्यादा किसान शामिल होंगे। विनेश फोगाट ने बॉर्डर पर पहुंचकर डल्लेवाल से आंदोलन को लेकर बातचीत की।