रोहतक। शहर एक तरफ जहां गांधी कैंप के बीचोंबीच से गुजर रहे एलिवेटिड ट्रैक के दोनों तरफ बनने वाली सड़कों के मूर्त रूप लेने का इंतजार कर रहा है, दूसरी तरफ दोनों प्रोजेक्ट ठंडे बस्ते में है। डीसी (उपायुक्त) धीरेंद्र खड़गटा ने लोक निर्माण विभाग व नगर निगम के अधिकारियों से मंगलवार तक स्टेटस रिपोर्ट सहित जवाब मांगा है ताकि दोनों सड़कों के निर्माण को गति दी जा सके।
लघुसचिवालय स्थित सभागार में अधिकारियों संग बैठक करते हुए डीसी ने कहा कि सभी विभाग आपसी तालमेल स्थापित कर सड़क निर्माण में आ रही तकनीकी समस्याओं को दूर करें। नगर निगम रिहायशी मकानों के मालिकों को मुआवजा वितरण, रिहायशी प्लॉट या पॉवर हाउस पर निर्मित दुकान आवंटन के बारे में विस्तृत रिपोर्ट मुख्यालय भेजें। सहायक आयुक्त प्रशिक्षु अभिनव सिवाच खुद अधिकारियों को साथ लेकर मौके का निरीक्षण करें।
बैठक में सहायक आयुक्त प्रशिक्षु अभिनव सिवाच, जिला राजस्व अधिकारी कनब लाकड़ा, जिला वन अधिकारी सुंदर लाल, लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता अरुण कुमार, सहायक नगर योजनाकार तिलक राज, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के सहायक अभियंता मुकेश, नगर निगम के नगर अभियंता सत्यव्रत व सुनील चुघ, भू-अधिकारी संदीप बत्तरा, जनस्वास्थ्य विभाग के कनिष्ठ अभियंता आदित्य हुड्डा और नगर निगम के कनिष्ठ अभियंता संदीप भी मौजूद रहे।
रेलवे एलिवेटिड ट्रैक के दोनों तरफ बनने वाली सड़कों के प्रोजेक्ट की समीक्षा की गई। साथ ही विभागों के अधिकारियों से स्टेटस रिपोर्ट मांगी है ताकि जल्द प्रोजेक्ट गति पकड़ सकें।
धीरेंद्र खड़गटा, डीसी