रोहतक। पीजीआई में नौ और दस जून को नर्सिंग स्टाफ काले बिल्ले लगाकर ड्यूटी करेंगे। एसोसिएशन ने यह निर्णय नर्सिंग सोमवार को कुरुक्षेत्र सिविल अस्पताल में नाबालिग से जुड़ी कथित दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बाद राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन रेनू भाटिया के बयानों के विरोध में लिया है।
नर्सिंग एसोसिएशन के निवर्तमान प्रधान विकास फोगाट ने कहा कि घटना को लेकर प्रदेश में चिंता और आक्रोश का माहौल है। इस दौरान दिए गए कुछ बयानों में नर्सिंग स्टाफ को जिम्मेदार ठहराने का प्रयास किया गया, जो उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने से पहले किसी को दोषी ठहराना अनुचित है और इससे नर्सिंग समुदाय की गरिमा को ठेस पहुंचती है।
प्रदेश के सभी मेडिकल कॉलेजों और स्वास्थ्य संस्थानों की नर्सेज यूनियनों ने दो दिन काले बिल्ले लगाकर विरोध जताने का निर्णय लिया है। उन्होंने बयानों को वापस लेने की मांग की है और चेतावनी दी है कि उचित कदम न उठाने पर आगे आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी।