प्रदेश में वैट बढ़ाने से खफा आल हरियाणा पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन (एएचपीडीए) ने 20 जुलाई से अनिश्चितकालीन हड़ताल का अल्टीमेटम दिया है।
रोहतक में शुक्रवार को एसोसिएशन की बैठक के बाद इस फैसले पर मुहर लगी। एएचपीडीए के प्रदेशाध्यक्ष दिनेश गोयल ने बताया कि हड़ताल के दौरान संगठन से जुड़े पेट्रोल पंप डीलर न डीजल-पेट्रोल की खरीद करेगा और न ही बिक्री।
उनकी पहली मांग एक प्रतिशत वैट कम करने की है। शुक्रवार रात तक इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम से जुड़े डीलर पेट्रोल पंप बंद करने पर सहमत हो गए थे।
अत: सोमवार से यहां पेट्रोल और डीजल नहीं मिलेगा। हालांकि सरकारी, रिलायंस और एस्सार के पेट्रोल पंप हड़ताल में शामिल नहीं होंगे।
गोयल के मुताबिक 12 जुलाई को दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला और एएचपीडीए के प्रतिनिधिमंडल के बीच वार्ता हुई थी। इसमें उन्होंने आश्वासन दिया था कि दिल्ली, जम्मू कश्मीर, हिमाचल, पंजाब और चंडीगढ़ के मुकाबले हरियाणा में वैट कम रहेगा। लेकिन 15 जुलाई रात को हरियाणा सरकार ने अचानक वैट बढ़ाकर पेट्रोल पंप मालिकों के साथ विश्वासघात किया है। पिछली सरकार में जहां 8.08 वैट था, वहीं पिछले नौ माह के दौरान यह बढ़कर 17.22 हो गया है। इससे हरियाणा के 2310 पेट्रोल पंप डीलरों में गहरा रोष है। इस मौके पर एएचपीडीए के महासचिव मामन चंद गुप्ता, अनिल यादव, उपाध्यक्ष भूषण गोयल उपस्थित रहे।
ये कंपनियां रहेंगी हड़ताल में शामिल
इंडियन ऑयल कार्पोरेशन
भारत पेट्रोलियम
हिंदुस्तान पेट्रोलियम
यहां मिल सकेगा पेट्रोल
सरकारी पेट्रोल पंप
रिलायंस पेट्रोलियम
एस्सार पेट्रोलियम