हिसार रोड स्थित ऑटो मार्केट को जिला प्रशासन द्वारा सेक्टर 18 और 18ए में शिफ्ट करने पर बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है।
नई
ऑटो मार्केट में दुकान अलॉटमेंट में धांधली का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को
दुकानदारों ने शहर में प्रदर्शन किया और डीसी के नाम तहसीलदार को ज्ञापन
सौंपा। तहसीलदार ने मामले की जांच कराए जाने का आश्वासन दिया। आटो मार्केट
में 500 दुकानें हैं, जबकि इससे दोगुने आवेदक हैं।
सेक्टर 18 व 18ए
में बनाई जा रही नई ऑटो मार्केट में दुकान अलॉट किए जाने के लिए प्रशासन
ने कुछ समय पहले फार्म भरवाए थे। उस समय लगभग 1100 से 1200 लोगों ने फार्म
जमा कराए थे। कुछ दुकानदारों ने इस पर एतराज जताया था और कई फार्मों को
फर्जी करार दिया था। इस पर प्रशासन ने ऑटो मार्केट के दुकानदारों के नेताओं
से फर्जी फार्म हटाने के लिए कहा। ऑटो मार्केट की पेंटर यूनियन के प्रधान
संजय दलाल ने आरोप लगाया कि एक दुकानदार ने लगभग आधे से ज्यादा फार्मों को
रिजेक्ट कर दिया।
संजय दलाल ने जब इसका विरोध किया तो उक्त
दुकानदार ने कहा कि नई ऑटो मार्केट में दुकानें कम हैं, इसलिए उतने ही
फार्म रख लेते हैं, जितनी दुकानें हैं। इस पर संजय दलाल ने कहा कि बाकी
दुकानदारों को इससे भारी नुकसान होगा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में
विवाद हो गया। दुकान आवंटन में हो रही इस धांधली पर रोक लगाने के लिए ऑटो
मार्केट के दुकानदारों ने वीरवार को हिसार रोड पर जाम भी लगाया था।
शुक्रवार
को गुस्साए दुकानदारों ने ऑटो मार्केट बंद कर दी और डीसी ऑफिस तक प्रदर्शन
किया। दुकानदारों ने नारेबाजी कर प्रशासन से उनकी मांग पूरी करने की अपील
की। दुकानदारों ने तहसीलदार प्रमोद चहल को जिला उपायुक्त के नाम ज्ञापन
सौंपा। दुकानदार संजय दलाल, प्रदीप, भोलू, कुलदीप, विक्की मुंजाल, सतीश,
भीम सिंह और अरुण जैन ने प्रदर्शन में भाग लिया।