रोहतक। रोहतक। आयुष्मान भारत और चिरायु हरियाणा योजना के तहत बढ़ रही अनियमितताओं, लंबित भुगतानों और निजी अस्पतालों के सामने उत्पन्न हो रही समस्याओं के विरोध में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) हरियाणा के आह्वान पर 5 जून से प्रदेशभर के निजी अस्पताल हड़ताल पर जाएंगे। इस संबंध में रविवार को आईएमए हॉल में प्रेसवार्ता आयोजित की गई।
प्रेसवार्ता में आईएमए अध्यक्ष अमित मान ने बताया कि आयुष्मान योजना गरीब मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई थी, लेकिन समय के साथ इसके संचालन में कई प्रशासनिक खामियां और गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं।
उन्होंने कहा कि निजी अस्पतालों द्वारा मरीजों का सफल उपचार किए जाने के बावजूद भुगतान महीनों तक लंबित रखा जाता है। कई मामलों में क्लेम स्वीकृत होने के बाद भी राशि जारी नहीं की जाती, जबकि भुगतान के समय अत्यधिक कटौतियां भी की जाती हैं।
डॉ. मान ने बताया कि चिकित्सक समुदाय पहले भी तीन बार आंदोलन कर चुका है, लेकिन समस्याओं का कोई स्थायी समाधान नहीं निकला। इसी कारण 5 जून को चौथा बड़ा राज्यव्यापी आंदोलन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जिले के लगभग 35 निजी अस्पताल इस हड़ताल में शामिल होंगे, जबकि पूरे हरियाणा में करीब 600 निजी अस्पताल आंदोलन का हिस्सा बनेंगे। आईएमए ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन किसी व्यक्ति या संस्था के खिलाफ नहीं, बल्कि योजना में सुधार, लंबित भुगतानों की शीघ्र रिहाई और स्वास्थ्य संस्थानों की वास्तविक समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर किया जा रहा है।