26सीटीके32 माडल टाउन स्थित गुफा वाला मंदिर। संवाद
रोहतक। नवरात्र पर्व को लेकर मंदिरों में तैयारी शुरू हो गई है। शहर के मुख्य मंदिरों में मां दुर्गा की पोशाक बदलने व निरंतर पूजा स्थल की सफाई शुरू हो गई है। मां दुर्गा की आराधना के लिए साज-सज्जा और शहर में नवरात्र पर्व को लेकर बाजारों में रौनक देखी जा रही है।
माॅडल टाउन स्थित गुफा वाले मंदिर में हर नवरात्र पर विशेष पूजा अर्जना की जाती है और अखंड ज्योत जलाई जाती है, जिसके लिए बुधवार से ही मंदिर में तैयारी शुरू हो गई है।
माॅडल टाउन स्थित गुफा वाले मंदिर के पुजारी ने बताया कि नवरात्र पर्व पर हर बार मंदिर में दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंचते हैं। मंदिर में पहले नवरात्र से नौवीं तक अखंड ज्योत जलाई जाती है। अंतिम नवरात्र पर मंदिर परिसर में यजमानों की ओर से हवन कार्यक्रम किया जाता है। नवरात्र में प्रतिपदा से लेकर नौवीं तक दुर्गा सप्तशती का पाठ होगा। वहीं, बुधवार से मंदिर में मां दुर्गा की पोशाक बदलने और सफाई का कार्य किया गया।
-
वैष्णो देवी की तर्ज पर किया तैयार
गुफा वाले मंदिर के पुजारी ओमप्रकाश शस्त्री ने बताया कि मंदिर की स्थापना 1952 में हुई थी। इसकी नींव भारत साधु समाज ब्रह्मलीन स्वामी गुरु चरण दास महाराज ने रखी थी। पहले यह मंदिर राधा-कृष्ण के नाम प्रसिद्ध था। इसके बाद वर्ष 1993 में इसका नाम गुफा वाला मंदिर रखा गया। इस समय मंदिर को मां वैष्णो देवी की तर्ज पर तैयार किया गया। फिलहाल, मंदिर में अनेक प्रकार की देवी-देवताओं की मूर्ति हैं। हर मंगलवार को कीर्तन कार्यक्रम भी होता है।
26सीटीके32 माडल टाउन स्थित गुफा वाला मंदिर। संवाद