संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। दिसंबर के दूसरे दिन मंगलवार को न्यूनतम तापमान 9.2 रहा जबकि सोमवार को रोहतक का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया। ऐसे में लघु चिड़ियाघर के वन्य जीवों को विभाग ने सर्दी से बचाने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए पिंजरों में घास-फूंस के अलावा बांस की फट्टी से तैयार पर्दे लगाए गए हैं।
वन्य प्राणी विभाग के अधिकारियों का दावा है कि आगामी दिनों में कड़ाके की सर्दी पड़ सकती है। 44 एकड़ में बने लघु चिड़ियाघर में शेर, टाइगर, तेंदुआ, भेड़िया, गीदड़, लक्कड़बग्घा, सफेद हिरण, चीतल, चिंकारा, काला हिरण, छोटा कस्तूरी हिरण व भालू आदि तमाम प्रजातियों के वन्य जीव हैं। इनको देखने के लिए यहां दूसरे जिलाें व प्रदेशों से भी पर्यटक आते हैं।
बब्बर शेर ने सेंकी धूप
मंगलवार को बब्बर शेर धीरा को दोपहर में धूप सेंकते हुए देखा गया। एक बार तो धीरा जमीन से उछलकर करीब पांच फीट की ऊंचाई वाली छत पर बैठ गया। वहां काफी देर तक बैठे रहने के बाद छलांग लगाकर नीचे उतरते देख पर्यटकों की खुशी दोगुनी हो गई। अन्य वन्य जीवों को भी धूप में बैठे देखा गया।
-
लघु चिड़ियाघर के वन्य जीवों को सर्दी से बचाया जाएगा। इसके लिए उनके पिंजरों में पराली व भूसा आदि का इंतजाम किया जा रहा है। जरूरत पड़ने पर रूम हीटर भी लगाए जाएंगे। हालांकि, पक्षियों के लिए रूम हीटर की आवश्यकता नहीं होती है।
- राजेश, लघु चिड़ियाघर इंचार्ज, रोहतक