रोहतक। जसिया और धामड़ गांव के बीच पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार आरोपी साहिल और प्रवीण करीब चार साल पहले दुल्हन फायरिंग केस में भी शामिल थे। साहिल जहां पुलिस की गोली लगने के बाद से पीजीआई में दाखिल है वहीं प्रवीण को उसके तीन अन्य साथियों गौरव, मोहित उर्फ काला व अमित उर्फ चामरा के साथ तीन दिन के रिमांड पर लिया है।
सीआईए प्रथम की टीम ने शुक्रवार सुबह जसिया व धामड़ गांव के बीच कार सवार पांच युवकों को पकड़ा था। मुठभेड़ में सांपला निवासी साहिल के पैर में गोली लगी थी। पूछताछ में पता चला था कि साहिल विदेश में बैठकर गैंग चला रहे झज्जर निवासी अक्षय के संपर्क में था।
अक्षय ने उसे दिल्ली के एक कपड़ा व्यापारी पर फायरिंग का टारगेट दिया था। इसके लिए हथियारों का भी इंतजाम कराया था। फायरिंग से पहले ही सीआईए ने साहिल और उसके साथियों को दबोच लिया।