रोहतक। सरकार ने सोमवार को आयुष्मान योजना के अंत्योदय परिवारों तक विस्तार कार्यक्रम का गुरुग्राम के मानेसर में शुभारंभ किया। जिलास्तर पर सिविल अस्पताल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित अतिथि व अन्य इस कार्यक्रम से ऑनलाइन जुड़े। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने आयुष्मान योजना का नाम चिरायु हरियाणा योजना रखते हुए लाभार्थियों को कार्ड वितरित किए। इसके बाद रोहतक में बिजली मंत्री चौधरी रणजीत सिंह ने 100 लोगों को कार्ड बांट कर योजना का शुभारंभ किया। योजना के विस्तार से जिले में एक लाख नौ हजार 981 परिवार यानी करीब चार लाख लोगों को लाभ मिलेगा। इस योजना के तहत 1500 बीमारियों का इलाज होगा।
बिजली मंत्री ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि सरकार के निर्णय के अनुसार अब अंत्योदय परिवारों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ मिलेगा। जिला में एक लाख 9 हजार 981 परिवारों के 4 लाख 21 हजार 603 लाभार्थियों तक आयुष्मान भारत योजना का लाभ पहुंचेगा। सरकार की ओर से प्रदेश के गरीब लोगों तक स्वास्थ्य सुविधा पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। इससे पंक्ति में खड़े अंतिम गरीब व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि दीन दयाल उपाध्याय की जीवन की दौड़ में पिछड़ने वालों के कल्याण की परिकल्पना को प्रदेश सरकार पूरा कर रही है। अंत्योदय परिवारों के उत्थान की दिशा में यह सराहनीय कदम है।
पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल की ओर से पंडित दीन दयाल उपाध्याय की अंत्योदय की परिकल्पना को साकार करते हुए आयुष्मान योजना का दायरा बढ़ाया है। आयुष्मान भारत योजना का अंत्योदय परिवारों तक विस्तार इसका प्रमाण है। गरीबों को ध्यान में रखते हुए मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। उज्वला योजना, नल से जल, विधवा पेंशन की सुविधाएं भी दी जा रही हैं।
अतिरिक्त उपायुक्त महेंद्रपाल ने जिलास्तरीय समारोह में पहुंचे प्रदेश के विद्युत मंत्री चौ. रणजीत सिंह, कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि मनीष कुमार ग्रोवर, मेयर मनमोहन गोयल, सतीश नांदल, धर्मपाल मकड़ौली, सीनियर डिप्टी मेयर राजकमल सहगल, भाजपा जिला अध्यक्ष अजय बंसल का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सरकार के फैसले से गरीबों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
सिविल सर्जन डॉ. अनिल बिरला व स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारियों ने कार्यक्रम के मुख्य अतिथि व अन्य अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस मौके पर उप सिविल सर्जन डॉ. राजबीर सभ्रवाल एवं केएल मलिक, सिविल अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रमेश चंद्र, डॉ. श्रेया, डॉ. दिनेश गर्ग, डॉ. भंवर सिंह, सुरेश भारद्वाज, भूपेंद्र श्योराण, सतीश आहुजा, सुरेश किराड़, राजकुमार सुनारिया, नरेंद्र खटर, सुरेंद्र बंसल, रवि, कुलविंदर सिक्का समेत अनेक लोग मौजूद रहे।