रोहतक। नगर निगम आयुक्त ने शहर के निजी कोचिंग सेंटर संचालकों को चेतावनी दी है कि वे पार्किंग की व्यवस्था करें, नहीं तो निगम नियमों के तहत कार्रवाई करेगा। क्योंकि ज्यादातर कोचिंग सेंटर संचालकों ने पार्किंग के लिए जगह नहीं छोड़ी, जिसने छोड़ी है वह जगह को दूसरे कार्य के लिए इस्तेमाल कर रहा है।
आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने बताया कि शहर में निजी कोचिंग सेंटर संचालकों का सर्वे करवाया जा रहा हैं। जांच में पता लगा है कि ज्यादातर सेंटरों के पास वाहन पार्किंग नहीं है। ऐसे में कोचिंग सेंटर पर आने वाले छात्र सड़क पर वाहन खड़े करते हैं। इस कारण आम लोगों को दिक्कत होती है। जबकि बिल्डिंग एक्ट के तहत पार्किंग की व्यवस्था अनिवार्य है। उधर, निगम की टीम ने सोमवार को झज्जर रोड, भिवानी स्टैंड, इंद्रा मार्केट, छोटूराम चौक व प्रताप चौक पर अतिक्रमण हटवाया। पूरी कार्रवाई विशेष अधिकारी गुरुदेव सिंह की देखरेख में हुई।
बाक्स
पार्कों में जाकर भरवाया सर्वे का फीडबैक
निगम की टीम ने सोमवार को शहरवासियों से जीवन की गुणवत्ता सर्वे का फीडबैक भरवाया। साथ ही सक्षम युवाओं की टीमों ने लोगों को स्वच्छता के प्रति भी जागरूक किया। टीम सिटी पार्क, महावीर पार्क, मानसरोवर पार्क व महिला कालेज व सोनीपत स्टैंड पर पहुंची।