महम। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा अनाज मंडी में खोदे गए गड्ढों और नालों के अधूरे काम से आढ़ती परेशान हैं। बाजरा और धान की आवक का समय नजदीक आने से उनकी चिंता बढ़ गई है। मंडी में जगह-जगह नाले, गड्ढे और खाइयां खोदकर छोड़ दी गई हैं।
आढ़ती धर्मेंद्र टोनी, मुकेश, रविंदर और वंश टोनी सहित कई लोगों ने अपनी परेशानी व्यक्त की। उन्होंने बताया कि पानी की निकासी और मलजल लाइनों का काम अभी तक पूरा नहीं हुआ है। ऐसे में उन्हें चिंता है कि वे अपना अनाज कहां डालेंगे। रेत उड़ने से भी समस्या हो रही है। आढ़तियों को डर है कि अनाज में मिट्टी मिलने से उन्हें भारी नुकसान होगा। उन्होंने विभाग से इस कार्य को जल्द से जल्द पूरा करने की गुहार लगाई है।
जनस्वास्थ्य विभाग के कनिष्ठ अभियंता विकास राठी ने कहा कि वर्षा जल निकासी के लिए पाइप दबाने का काम पूरा हो चुका है। मंडी परिसर को पक्का करने का काम मंडी प्रशासन का है। जल लाइनें मंडी अधिकारियों के अनुरोध पर बिछाई जा रही हैं। इसका उद्देश्य मंडी से पानी की निकासी सुनिश्चित करना है। यह कार्य भी अब अंतिम चरण में है।
फोटो अनाज में खोदी गई सीवरेज लाइन दिखाते आढ़ती। संवाद