नरवाना। धान खरीद सीजन के बीच नरवाना अनाज मंडी में सफाई व्यवस्था बदहाल होने से किसानों, मजदूरों और आढ़तियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मंडी की सड़कों पर जगह-जगह धान की फूंस के ढेर लगे हुए हैं। समय पर उठान नहीं होने के कारण गंदगी बढ़ रही है। इस स्थिति को लेकर आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान जयदेव बंसल ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों से तुरंत सफाई व्यवस्था दुरुस्त करवाने की मांग की है। जयदेव बंसल ने कहा कि धान सीजन के दौरान मंडी में बड़ी संख्या में किसान अपनी फसल लेकर पहुंचते हैं। ऐसे में मंडी की सड़कों को साफ रखना और फूंस का समय पर उठान करवाना बेहद जरूरी है। इसके बावजूद जगह-जगह फूंस जमा होने से आवागमन में परेशानी हो रही है और मंडी परिसर में गंदगी का माहौल बना हुआ है। उन्होंने कहा कि सड़कों पर जमा सूखी फूंस केवल सफाई व्यवस्था के लिए ही समस्या नहीं है, बल्कि इससे आग लगने का खतरा भी बना हुआ है। छोटी-सी चिंगारी भी बड़ी घटना का कारण बन सकती है, जिससे किसानों की फसल, दुकानों और अन्य सामान को नुकसान पहुंचने की आशंका है। उन्होंने मांग की कि मंडी में नियमित सफाई करवाई जाए और फूंस के ढेरों को जल्द हटाया जाए। साथ ही उठान व्यवस्था की नियमित निगरानी भी होनी चाहिए।
बॉक्स
–समस्या का करवाया जाएगा समाधान
मामला फिलहाल उनके संज्ञान में नहीं है। यदि मंडी में ऐसी समस्या है तो मंडी सचिव से बात कर इसका तुरंत समाधान करवाया जाएगा। किसानों और आढ़तियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी।