रोहतक। जिला परिषद (जिप) की सियासत में शुक्रवार को नया मोड़ आ गया। चेयरपर्सन के खिलाफ बागवत करने वाले वार्ड 14 के पार्षद सोनू पिलाना उपायुक्त (डीसी) धर्मेंद्र खड़गटा से मिले और अविश्वास के लिए दिया गया शपथ पत्र वापस ले लिया। अब चेयरपर्सन मंजू हुड्डा के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पास नहीं हो पाएगा। हालांकि हाउस की सामान्य बैठक चलाने के लिए अब भी चेयरपर्सन को दो और पार्षदों की आवश्यकता है।
वर्ष 2022 में हुए जिला परिषद के चुनाव में 14 पार्षद चुनकर आए। दिसंबर में वार्ड नंबर पांच से पार्षद मंजू हुड्डा को सर्वसम्मति से चेयरपर्सन चुना गया था। वार्ड 4 से पार्षद अनिल हुड्डा वाइस चेयरमैन बने थे। इस बीच डेढ़ साल बाद ही पार्षदों के बीच दो गुट बन गए। जुलाई 2024 में मामला इतना बढ़ा कि जिला परिषद की बैठक में हंगामा हो गया। चेयरमैन मंजू हुड्डा ने वाइस चेयरमैन सहित पांच पार्षदों को डिबार कर दिया। विधानसभा चुनाव से ठीक पहले सितंबर माह में 10 पार्षदों ने डीसी को शपथ पत्र देकर चेयरमैन के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की मांग की। साथ ही हाईकोर्ट में अर्जी दायर की डीसी को अविश्वास प्रस्ताव लाने की मांग की। इसी बीच विधानसभा चुनाव में जीत हासिल कर भाजपा तीसरी बार सत्ता में आ गई। इसका असर जिप की सियासत पर भी पड़ा।
....
जनहित में लिया निर्णय, विकास कार्य रुके हुए हैं वार्ड के
चेयरमैन के खिलाफ मैंने शपथ पत्र दिया था, लेकिन लगता नहीं उनके पास अविश्वास प्रस्ताव पास हो पाएगा। प्रक्रिया लंबी खिंचती जा रही है। वार्ड में विकास कार्य ठप पड़े हैं। तीसरी बार पंचायत घर आई। पंचायत के कहने व जनहित में चेयरपर्सन मंजू हुड्डा के खिलाफ दिए गए शपथ पत्र को वापस लेता हूं।
सोनू पिलाना, पार्षद वार्ड नंबर 14
....
सोनू पिलाना ने धोखा दिया, उसकी के गांव की पंचायत में मांगेंगे जवाब
सभी 10 पार्षदों ने एकत्रित होकर चेयरपर्सन के खिलाफ आवाज उठाई थी। सोनू पिलाना पूरी मुहिम की अगुवाई करने वालों में शामिल थे। अब लड़ाई को बीच में छोड़कर चले गए। उसी के गांव पिलाना में वार्ड 14 के लोगों की पंचायत करके जवाब मांगा जाएगा। आखिर क्यों पार्षदों को धोखा दिया है।
धीरज मलिक, पार्षद वार्ड नंबर आठ
....
दो पार्षदों के और पाला बदलने की संभावना
अमित रांगी पार्षद वार्ड 1, पूजा पार्षद वार्ड 2, मांगेराम चिड़ी वार्ड 3, वाइस चेयरमैन अनिल हुड्डा वार्ड 4, सतपाल हुड्डा वार्ड 6, सीमा वार्ड 7, धीरज मलिक वार्ड 8, नीलम वार्ड 9 और सोनू वार्ड 14 ने चेयरपर्सन के विरोध में शपथ पत्र दिया था। सोनू ने शपथ पत्र वापस ले लिया है। दो पार्षदों के पाला बदलने की संभावना जताई जा रही है।
.....
पार्षद सोनू पिलाना के निर्णय का स्वागत करती हूं, उन्होंने जनहित में निर्णय लिया है। बाकी पार्षदों से भी अपील है कि वे एक परिवार के रूप में मिलकर काम करें ताकि जन विकास कार्यों को बिना किसी देरी के क्रियान्वित किया जा सके।
मंजू हुड्डा, चेयरपर्सन जिला परिषद
....
....
यूं चला घटनाक्रम
21 अक्तूबर : जिला परिषद की वार्ड नंबर 9 की महिला पार्षद नीलम के बेटे का गांव से अपहरण, चेयरपर्सन व उसके पति राजेश सरकारी पर लगा आरोप, केस दर्ज, लेकिन अभी तक खुलासा नहीं।
23 अक्तूबर : अविश्वास प्रस्ताव को लेकर जिला परिषद की बैठक, डीसी के बीमार होने टली।
30 अक्तूबर : अविश्वास प्रस्ताव को लेकर बैठक पांच पार्षदों का डिबार पर फैसला न आने पर स्थगित।
6 नवंबर : हाईकोर्ट के आदेश पर डीसी ने 12 नवंबर के लिए बैठक आयोजित करने का पत्र जारी किया।
8 नवंबर : हाईकोर्ट की डबल बेंच ने प्रक्रिया पर लगाई रोक, अब 17 दिसंबर को होगी सुनवाई।