रोहतक। भाजपा व कांग्रेस के बीच बयानबाजी से सियासत गरमाने लगी है। भाजपा के पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर के बयान पर कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने रविवार को पलटवार किया। हुड्डा ने कहा कि मैं उनकी पीड़ा समझता हूं। उनकी तकलीफ समझ सकता हूं। वे रविवार को शहर में तीन जगह हुए कार्यक्रमों के दौरान मीडिया के सवालों का जवाब दे रहे थे।
दीपेंद्र ने कहा कि भाजपा के हर हथकंडे के बावजूद वे जीत नहीं पा रहे हैं। उनकी तकलीफ दूर करने के बाद कांग्रेस के पास कोई मलहम नहीं है जो लगा सके। दुष्यंत चौटाला व अभय चौटाला के बार-बार नाम लेने से भूपेंद्र हुड्डा विधायक दल के नेता बनाए गए के सवाल पर दीपेंद्र ने कहा कि ये भाजपा की बी या सी टीम नहीं बल्कि भाजपा की गैंग कहूंगा। पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह की यात्रा को लेकर दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस नेता अपने-अपने स्तर पर काम करते हैं। सब कांग्रेस को मजबूत कर रहे हैं।
ग्रोवर ने मांगा था सांसद व कांग्रेस के चारों विधायकों का इस्तीफा
उधर, कांग्रेस की तरफ से शनिवार को शहर में वोट चोरी के नाम पर शहर में प्रदर्शन किया था। इस पर पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने बयान जारी कर कहा था कि अगर वोट चोरी हुए हैं तो कांग्रेस सांसद व चारों विधायक कैसे जीते। ऐसे में उनको इस्तीफा दे देना चाहिए। ब्यूरो