19सीटीके11...घायल पुलिसकर्मी आशीष। संवाद
रोहतक। शहर के करतारपुरा में शनिवार दोपहर 12 बजे नशे को लेकर की गई कार्रवाई पर हंगामा हो गया। बाइक से जा रहे नशा तस्करी के आरोपी युवक की तलाशी लेने वाले पुलिसकर्मी को चार युवकों व एक महिला ने पहले पीटा, फिर उसकी वर्दी फाड़ डाली। मारपीट की सूचना पुलिसकर्मी ने डायल 112 पर दी। शहर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति नियंत्रित की व महिला समेत पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज की।
पुलिसकर्मी (एसपीओ) आशीष ने शहर थाने में दी शिकायत में कहा है कि एसपी के आदेश पर नशा तस्करी पर रोकथाम के लिए इंदिरा कॉलोनी में नाके बनाए गए हैं। शनिवार को जब वह नाके पर तैनात था, तब सूचना मिली कि सोनू नामक युवक बाइक से कहीं नशा तस्करी करने जा रहा है।
उसने सोनू को रोककर उसकी तलाशी ली तो उसके पास से गांजे की पुड़िया बरामद हुई। इस पर सोनी, गोली, ममता व दो अज्ञात युवकों ने मुझ पर लात घूसों से हमला कर दिया। उसकी वर्दी फाड़ डाली। आरोप है कि आरोपियों ने जाते समय दोबारा रोकने या तलाशी लेने पर जान से मारने की धमकी भी दी है।
आरोपियों के घर पर पुलिस ने डाला छापा : पुलिसकर्मी के साथ मारपीट के बाद शहर थाना पुलिस टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापा डाला। कार्रवाई में पुलिस को एक भी आरोपी नहीं मिला। घटना के बाद से आरोपी घर से भागे हुए हैं।