रोहतक। गैंगवार में 16 फरवरी को हुए दिनेश उर्फ गोगा हत्याकांड में पुलिस हिमांशु उर्फ भाऊ गैंग के रिटौली निवासी साहिल को प्रोडक्शन वारंट पर लेगी। पुलिस पर जानलेवा हमले के आरोप में गिरफ्तार साहिल को न्यायिक हिरासत के कारण बुधवार को सुनारिया जेल भेजा गया है। आरोपी को शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस ने तीन दिन के रिमांड पर लिया था।
पांच साल से रिटौली निवासी हिमांशु उर्फ भाऊ व अंकित उर्फ बाबा के बीच गैंगवार चल रही है। 2023 में भाऊ के चचेरे भाई रोहित उर्फ बजरंग की गोली मारकर हत्या की गई थी। आरोप अंकित उर्फ बाबा व उसके साथियों पर लगा था। उसके बाद 2025 में भाऊ गैंग ने अंकित के चाचा अनिल व 16 फरवरी का अंकित के भाई सन्नी के दोस्त दिनेश उर्फ गोगा की हत्या करवा दी।
पुलिस ने 17 फरवरी को रिटौली निवासी साहिल को शिमली गांव के पास मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था। आरोप था कि साहिल ने ही दिनेश उर्फ गोगा हत्याकांड की साजिश रची और भाऊ गैंग के शूटर को दिनेश उर्फ गोगा फोटो व दूसरी जानकारी दी।
पुलिस पर साहिल के खिलाफ जानलेवा हमले की शिवाजी कॉलोनी थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी। गोगा हत्याकांड की एफआईआर अर्बन एस्टेट थाने में दर्ज है।
वर्जन
तीन दिन के रिमांड के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत के चलते जेल भेजा गया है। अब गोगा हत्याकांड में अर्बन एस्टेट पुलिस आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर लेगी।
-राकेश सैनी, प्रभारी थाना शिवाजी कॉलोनी